

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार
.jpeg&w=3840&q=75)
Lured from Odisha to Raipur with the promise of free delivery and medical treatment; a plot to sell a newborn.
रायपुर। बच्चे के सुरक्षित जन्म और मुफ्त इलाज की उम्मीद लेकर ओडिशा से रायपुर आई 21 वर्षीय गर्भवती महिला को कथित तौर पर नवजात की खरीद-फरोख्त के जाल में फंसा दिया गया। चार नवंबर को प्रसव के बाद उसके नवजात को बेचने की तैयारी शुरू कर दी गई। महिला ने विरोध किया तो उसे अपने नवजात, करीब डेढ़ साल के बच्चे और 12 वर्षीय ननद के साथ गोगांव स्थित एक मकान में बंधक बना लिया गया।पुलिस के मुताबिक, नवजात का सौदा आठ लाख रुपये में करने की योजना थी। एक संभावित खरीदार पांच लाख रुपये देने को तैयार था। आजाद चौक पुलिस ने मामले में तीन महिलाओं को गिरफ्तार किया है। जांच के दौरान 15 से अधिक नवजातों की खरीद-फरोख्त की आशंका भी सामने आई है।
डीसीपी वेस्ट राबिंसन गुड़िया के अनुसार, गिरफ्तार महिलाओं में आमापारा-रामकुंड निवासी कृतिका साहू (34), गुढ़ियारी के गोगांव निवासी अहिल्या नामदेव (40) और दुर्ग गुड़ियारी निवासी गीतिका नाग (36) शामिल हैं। पुलिस कृतिका को इस पूरे मामले की मुख्य आरोपित मानकर जांच कर रही है।
पुलिस के अनुसार, ओडिशा के सुंदरगढ़ निवासी ज्योत्सना साहा आठ माह की गर्भवती थीं। नौवां महीना शुरू होने पर उनका संपर्क कृतिका से हुआ। कृतिका ने खुद को मेडिकल क्षेत्र से जुड़ा बताते हुए मुफ्त में समय से पहले प्रसव कराने और इलाज की सुविधा दिलाने का भरोसा दिया।इसके बाद ज्योत्सना को रायपुर बुलाया गया। यहां उनकी मुलाकात गीतिका और अहिल्या से कराई गई। चार नवंबर को प्रसव के बाद अस्पताल से छुट्टी मिलने पर महिला को नवजात के साथ अहिल्या के गोगांव स्थित मकान में ले जाया गया।
आरोप है कि मकान पहुंचने के बाद ज्योत्सना से कहा गया कि प्रसव और इलाज पर हुए खर्च की भरपाई नवजात को बेचकर की जाएगी। महिला ने इस प्रस्ताव का विरोध किया तो उसे धमकाया गया और तीनों बच्चों के साथ मकान में बंद कर दिया गया।प्रसव के दिन महिला का पति और सास भी रायपुर पहुंचे थे। ज्योत्सना ने उन्हें आरोपित महिलाओं की गतिविधियों के बारे में बताया, लेकिन वे ओडिशा लौट गए।
पुलिस के मुताबिक, 16 नवंबर को नवजात को आठ लाख रुपये में बेचने की बातचीत हुई थी। खरीदार मिलने की बात कहकर ज्योत्सना को बच्चों के साथ एक चौक तक ले जाया गया। इसी दौरान कृतिका और गीतिका के बीच पैसों को लेकर विवाद हो गया और दोनों के बीच झूमाझटकी हुई।इस घटनाक्रम के बाद पुलिस दोनों महिलाओं को थाने ले गई। इसी दौरान ज्योत्सना ने पुलिस से मदद मांगी। महिला को सखी वन स्टाप सेंटर पहुंचाया गया। तबीयत बिगड़ने पर 17 नवंबर को उन्हें आंबेडकर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उन्होंने पुलिस को पूरी घटना बताई।
पुलिस जांच में पता चला है कि कृतिका पहले एक निजी अस्पताल में नर्स के तौर पर काम कर चुकी है। वहां भी उस पर नवजात को बेचने की कोशिश का आरोप लगा था, जिसके बाद उसे नौकरी से हटा दिया गया था।आरोपितों के मोबाइल फोन की जांच में च्वाइस सेंटर संचालकों और निजी अस्पतालों से जुड़े नंबर मिले हैं। पुलिस को आशंका है कि फर्जी जन्म प्रमाणपत्र, अस्पताल में भर्ती से संबंधित कार्ड और डिस्चार्ज टिकट तैयार कर नवजातों की खरीद-फरोख्त की जाती थी। इन संपर्कों और दस्तावेजों की जांच जारी है।