

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Major action by the Income Tax Department in Chhattisgarh; raids conducted at the premises of PRA, JP Mittal, and the Barbarik Group.
रायपुर। छत्तीसगढ़ में आयकर विभाग ने लोहा और निर्माण कारोबार से जुड़े बड़े कारोबारी समूहों के खिलाफ व्यापक छापेमारी की। रायपुर, बिलासपुर, अंबिकापुर और रायगढ़ समेत पांच जिलों में कई ठिकानों पर एक साथ तलाशी अभियान चलाया गया। कार्रवाई के दायरे में पीआरए ग्रुप, बर्बरीक ग्रुप और बिलासपुर के प्रमुख लोहा कारोबारी जयप्रकाश (जेपी) मित्तल से जुड़े प्रतिष्ठान शामिल हैं।बताया जा रहा है कि लोहे के कारोबार में कर चोरी से जुड़े प्रमाण मिलने के बाद विभाग ने यह कार्रवाई की। अधिकारियों की टीमें कारोबारियों के घरों, दफ्तरों और औद्योगिक इकाइयों में दस्तावेजों की जांच कर रही हैं। कई स्थानों पर पुलिस बल भी तैनात किया गया है।
राजधानी रायपुर के खम्हारडीह स्थित बनयान ट्री सोसाइटी में पीआरए समूह से जुड़े प्रहलाद राय अग्रवाल और महेश राय अग्रवाल के आवास पर आयकर अधिकारियों ने तलाशी ली। समूह के संचालक रमेश अग्रवाल के सूरजपुर स्थित मकान और अंबिकापुर के मनेंद्रगढ़ रोड स्थित आवास पर भी टीम पहुंची।कार्रवाई के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए। जिन परिसरों में छापेमारी हुई, वहां लोगों की आवाजाही पर रोक लगा दी गई। किसी को भी परिसर से बाहर जाने या भीतर प्रवेश करने की अनुमति नहीं दी गई।पीआरए समूह से जुड़े बर्बरीक नाम से संचालित कारोबारी नेटवर्क के कर्मचारियों और प्रतिष्ठानों पर भी जांच की गई। रायपुर के तेलीबांधा रिंग रोड-1 स्थित समूह के कार्यालय और चंदखुरी के बहनाकाड़ी गांव में स्थित एक फैक्ट्री में भी आयकर अधिकारियों की मौजूदगी रही।
बिलासपुर में लोहा कारोबारी जयप्रकाश मित्तल के ठिकानों पर भी आयकर विभाग ने छापा मारा। तीन वाहनों में पहुंची टीम ने विद्या नगर स्थित उनके निवास प्रकाश पुंज की तलाशी ली। इसके अलावा व्यापार विहार स्थित मित्तल स्टील इस्पात, स्टील मार्ट के कार्यालय और हनुमान हार्डवेयर स्टोर में भी दस्तावेज खंगाले गए।अधिकारियों ने कारोबारी रिकॉर्ड की जांच के साथ संबंधित लोगों से पूछताछ भी की। जेपी मित्तल को बिलासपुर संभाग के प्रमुख लोहा कारोबारियों में गिना जाता है।
रायगढ़ में रायगढ़ इस्पात और बर्बरीक समूह से संबंधित फर्मों पर कार्रवाई की गई। सुबह करीब पांच बजे 15 से अधिक अधिकारियों की टीम समूह के चार कार्यालयों में पहुंची। यहां कारोबार से जुड़े दस्तावेजों और अन्य रिकॉर्ड की जांच की गई।
आयकर विभाग की कार्रवाई के बाद बस्तर संभाग में इन कारोबारी समूहों से जुड़े निर्माण कार्यों पर भी चर्चा तेज हो गई है। बर्बरीक प्रोजेक्ट्स लिमिटेड और पीआरए समूह की कंपनियों को क्षेत्र में बड़े सड़क और रेल निर्माण कार्यों से जोड़ा जाता रहा है।बस्तर को रायपुर से जोड़ने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग-30 के धमतरी-कांकेर-केशकाल-जगदलपुर कॉरिडोर के उन्नयन और मजबूतीकरण के अलावा केशलूर से जगदलपुर मार्ग पर रेलवे ओवरब्रिज निर्माण जैसे बड़े प्रोजेक्ट भी चर्चा में हैं। इन परियोजनाओं से जुड़े ठेकों और कारोबारी गतिविधियों पर अब निगाहें टिकी हैं।
पीआरए समूह निर्माण कारोबार से भी जुड़ा है और झारखंड के कई जिलों में उसके सरकारी प्रोजेक्ट संचालित होने की जानकारी है। समूह का रिंग रोड स्थित कार्यालय पहले भी चर्चा में रहा है। खबरों के मुताबिक, रंगदारी की मांग को लेकर लॉरेंस गिरोह से जुड़े लोगों ने इस कार्यालय पर गोलीबारी करवाई थी।फिलहाल आयकर विभाग की टीमें अलग-अलग ठिकानों पर वित्तीय दस्तावेजों और कारोबारी लेन-देन की पड़ताल कर रही हैं। छापेमारी में सामने आए तथ्यों और संभावित कर अनियमितताओं को लेकर विभाग की ओर से विस्तृत आधिकारिक जानकारी सामने आना बाकी है।