

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

The government should reach an honorable resolution to the Patwaris' agitation; the Employees' and Officers' Federation held a protest rally.
आरंग। राजस्व पटवारियों के आंदोलन और लंबित महंगाई भत्ते की मांग को लेकर छत्तीसगढ़ कर्मचारी-अधिकारी फेडरेशन की आरंग इकाई ने आक्रोश रैली निकाली। प्रांतीय और जिला इकाई के आह्वान पर कर्मचारियों एवं अधिकारियों ने दो सूत्रीय मांगों के समर्थन में प्रदर्शन किया। इसके बाद मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन अनुविभागीय अधिकारी, आरंग के प्रतिनिधि को सौंपा।
फेडरेशन की प्रमुख मांग है कि आंदोलन कर रहे राजस्व पटवारियों की समस्याओं का सम्मानजनक हल निकाला जाए। साथ ही आंदोलन के दौरान उनके खिलाफ की गई निलंबन, बर्खास्तगी और अन्य दंडात्मक कार्रवाइयों को निरस्त किया जाए। संगठन का कहना है कि शासन को कर्मचारियों के साथ संवाद कर उनकी समस्याओं का समाधान करना चाहिए।
फेडरेशन ने प्रदेश के शासकीय कर्मचारियों को लंबित तीन प्रतिशत महंगाई भत्ता देने की मांग भी उठाई। संगठन के मुताबिक, यह भत्ता देय तिथि से एरियर्स सहित दिया जाना चाहिए। पदाधिकारियों का कहना है कि केंद्र सरकार के कर्मचारियों की तुलना में प्रदेश के शासकीय सेवकों को तीन प्रतिशत कम महंगाई भत्ता मिल रहा है।
फेडरेशन के आरंग संयोजक माणिक लाल मिश्रा ने कहा कि राजस्व पटवारी अपनी समस्याओं के निराकरण के लिए आंदोलन कर रहे हैं। ऐसे में शासन को सख्त कार्रवाई करने के बजाय उनसे बातचीत कर उचित समाधान निकालना चाहिए।फेडरेशन के प्रवक्ता ओंकार प्रसाद वर्मा ने कहा कि महंगाई का असर केंद्र और राज्य, दोनों के कर्मचारियों पर समान रूप से पड़ता है। इसके बावजूद महंगाई भत्ते में अंतर रखना उचित नहीं है। उन्होंने इसे भेदभावपूर्ण नीति बताते हुए कर्मचारियों और अधिकारियों की नाराजगी का कारण बताया।सहसंयोजक शैलेन्द्र शुक्ल ने कहा कि यदि शासन ने समय रहते मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया, तो फेडरेशन बड़े आंदोलन की राह अपनाने के लिए मजबूर होगा।
आक्रोश रैली में अनिता सोनी, कीर्ति ध्रुव, बद्रीप्रसाद टंडन, राहुल जोशी, विनोद चंद्राकर, तपनमणि साहू, प्रशांत देवांगन, केशव कुमार डहरिया, पीताम्बर दास मानिकपुरी, रामकुमार सिन्हा, संदीप चंद्राकर, रामेश्वर ठाकुर, सुरेशचंद्र पाटकर, घनश्याम प्रसाद रात्रे, धनेश बघेल, महेंद्र वर्मा, राकेश साहू और राजपाल चंद्राकर सहित अनेक कर्मचारी एवं अधिकारी मौजूद रहे।