

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

MP News: Two accused arrested for duping 36 lakh people by posing as fake landowners and making deals worth crores
उज्जैन। उज्जैन की माधवनगर थाना पुलिस ने फर्जी दस्तावेज और नकली पहचान पत्र के जरिए जमीन बेचने के नाम पर करोड़ों रुपये की ठगी करने वाले अंतरजिला गिरोह का भंडाफोड़ किया है। मामले में गिरोह के दो शातिर सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों ने एक अज्ञात व्यक्ति को असली भू-स्वामी बताकर 1 करोड़ 39 लाख 19 हजार 200 रुपये की जमीन का सौदा कर लिया था।
मुआवजे की राशि पाने वाले किसानों को बनाया निशाना
फरियादी रविंद्र सिंह और उनके भतीजे को कृषि भूमि का मुआवजा मिलने के बाद आरोपी मंगल सिंह ने उन्हें ग्राम सलामता स्थित खसरा नंबर 256/2 की जमीन दिखाई। इसके बाद रजिस्ट्रार कार्यालय में एक व्यक्ति को असली मालिक ‘दिलीप सिंह’ बताकर पेश किया गया और उसका फर्जी पहचान पत्र दिखाकर जमीन का अनुबंध करा लिया गया।
फोन-पे, नकद और चेक से ऐंठे करीब 36 लाख रुपये
आरोपियों ने फरियादियों से फोन-पे, नकद और चेक के माध्यम से कुल 35 लाख 95 हजार रुपये प्राप्त कर लिए। जमीन का सौदा तय होने के बाद जब फरियादी मौके पर पहुंचे तो वास्तविक भू-स्वामी ने अनुबंध करने वाले व्यक्ति को पहचानने से साफ इनकार कर दिया। इसके बाद पूरे फर्जीवाड़े का खुलासा हुआ।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने दबोचे आरोपी
माधवनगर पुलिस ने मुखबिर की सूचना के आधार पर विक्रम नगर ब्रिज के पास घेराबंदी कर कार्रवाई की। बिना नंबर की सफेद स्विफ्ट कार में जा रहे आरोपी मंगल सिंह और खुद को दिलीप सिंह बताने वाले भैरूसिंह को गिरफ्तार कर लिया गया।
फर्जी दस्तावेज, मोबाइल और कार जब्त
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से स्विफ्ट कार, मोबाइल फोन और फर्जी दस्तावेज बरामद किए हैं। मामले में अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।