

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Major ACB crackdown in Janjgir-Champa; principal and clerk arrested red-handed while accepting a bribe of ₹10,000.
जांजगीर-चांपा। जांजगीर-चांपा जिले में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय किरारी की प्राचार्य और एक लिपिक को रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। दोनों पर स्कूल के ही बाबू से वेतन वृद्धि के एरियर की राशि निकालने के एवज में रिश्वत मांगने का आरोप है।
जानकारी के मुताबिक, ACB ने प्राचार्य अंजुलता सोनी और लिपिक विकास मसीह को 10 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों ने अपने ही विद्यालय में पदस्थ बाबू मनीष राठौर से वेतन वृद्धि का करीब 80 हजार रुपए का एरियर निकालने के एवज में रिश्वत की मांग की थी।
शिकायत मिलने के बाद ACB की टीम ने मामले की जांच की और शिकायत की पुष्टि के बाद आरोपियों को पकड़ने के लिए जाल बिछाया।
बताया जा रहा है कि मनीष राठौर को वेतन वृद्धि के बाद मिलने वाली एरियर की राशि निकालनी थी। इसी प्रक्रिया को आगे बढ़ाने के बदले प्राचार्य और लिपिक द्वारा कथित तौर पर 10 हजार रुपए की मांग की गई थी।
शिकायतकर्ता की सूचना के आधार पर ACB ने ट्रैप कार्रवाई की। जैसे ही रिश्वत की रकम आरोपियों द्वारा ली गई, टीम ने दोनों को मौके पर ही धर दबोचा।
इस पूरी कार्रवाई को अंजाम देने के लिए ACB की 13 अधिकारियों की विशेष टीम मौके पर मौजूद रही। गिरफ्तारी के बाद टीम दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है। साथ ही मामले से जुड़े दस्तावेजों और अन्य तथ्यों की भी जांच की जा रही है।
ACB की कार्रवाई के बाद शिक्षा विभाग में भी हड़कंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार, यह ACB बिलासपुर की लगातार 56वीं ट्रैप कार्रवाई बताई जा रही है। लगातार हो रही ऐसी कार्रवाइयों से रिश्वतखोरी के मामलों में विभागीय स्तर पर भी सख्ती का संदेश गया है। फिलहाल मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है। ACB की जांच के बाद प्रकरण से जुड़े अन्य तथ्यों का खुलासा होने की उम्मीद है।