

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Major action by EOW in Chhattisgarh RI paper leak case; two accused arrested from Delhi
रायपुर। छत्तीसगढ़ में पटवारी से राजस्व निरीक्षक (RI) बनने के लिए आयोजित विभागीय परीक्षा के पेपर लीक मामले में आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो (EOW) ने बड़ी कार्रवाई की है। EOW की टीम ने मामले में फरार चल रहे दो आरोपियों को दिल्ली से गिरफ्तार किया है। दोनों को रायपुर लाने के बाद सोमवार को विशेष न्यायालय में पेश किया गया, जहां से कोर्ट ने उन्हें 23 नवंबर तक 8 दिन की पुलिस रिमांड पर सौंप दिया है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मध्यप्रदेश के भिंड जिले के रहने वाले वीर सिंह जाटव (35) और अरविंद जाटव (41) के रूप में हुई है। EOW के मुताबिक, दोनों आरोपियों ने परीक्षा की प्रश्नपत्र छपाई समिति से जुड़े आरोपी वीरेन्द्र जाटव के साथ मिलकर पेपर लीक करने की साजिश रची थी। आरोप है कि परीक्षा से पहले ही प्रश्नपत्र अभ्यर्थियों तक पहुंचा दिया गया था। इसके बदले अभ्यर्थियों से मोटी रकम वसूली गई थी।

पटवारियों ने पहचान परेड में की आरोपियों की पहचान
EOW ने 15 नवंबर को कार्यपालिक दंडाधिकारी की मौजूदगी में दोनों आरोपियों की पहचान परेड कराई थी। इस दौरान परीक्षा में शामिल हुए पटवारियों ने दोनों की पहचान की। पटवारियों ने बताया कि इन्हीं आरोपियों ने उन्हें लीक हुआ प्रश्नपत्र उपलब्ध कराया था। इतना ही नहीं, पेपर के आधार पर तैयारी करने के लिए जगह भी उपलब्ध कराई गई थी। इसके बदले अभ्यर्थियों से पैसे लिए गए थे।
7 जनवरी 2024 को हुई थी विभागीय परीक्षा
दरअसल, पटवारियों को राजस्व निरीक्षक (RI) प्रशिक्षण के लिए चयनित करने के उद्देश्य से 7 जनवरी 2024 को विभागीय परीक्षा आयोजित की गई थी। परीक्षा के परिणाम के आधार पर कुल 216 अभ्यर्थियों का चयन हुआ था। हालांकि, परीक्षा में गड़बड़ी और पेपर लीक की शिकायतें सामने आने के बाद मामला जांच के दायरे में आ गया।
राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग ने मामले की उच्च स्तरीय जांच कराई। इसके बाद सामान्य प्रशासन विभाग ने जांच की जिम्मेदारी EOW-ACB को सौंप दी थी।
2025 में दर्ज हुआ था केस, नेटवर्क की जांच जारी
प्रारंभिक जांच में अनियमितताओं के संकेत मिलने के बाद EOW ने वर्ष 2025 में मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। इस मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के साथ धोखाधड़ी, जालसाजी और आपराधिक साजिश से जुड़ी धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया गया है।
फिलहाल EOW गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है। जांच एजेंसी का फोकस पेपर लीक के पूरे नेटवर्क का पता लगाने, इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका उजागर करने और अभ्यर्थियों से वसूली गई रकम से जुड़े तथ्यों की पड़ताल पर है। आने वाले दिनों में इस मामले में और भी खुलासे होने की संभावना है।