

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Major announcement ahead of PM Modi's visit to New Zealand: Under the India-New Zealand trade deal, 57% of exports will be tariff-free from day one.
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इंडोनेशिया और ऑस्ट्रेलिया की यात्रा के बाद अपने विदेश दौरे के अंतिम चरण में 10 से 11 जुलाई तक दो दिवसीय राजकीय यात्रा पर न्यूजीलैंड जाएंगे। प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन के निमंत्रण पर होने वाली यह यात्रा ऐतिहासिक मानी जा रही है, क्योंकि करीब चार दशक बाद कोई भारतीय प्रधानमंत्री आधिकारिक राजकीय दौरे पर न्यूजीलैंड पहुंच रहा है।
प्रधानमंत्री मोदी की यात्रा से पहले न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन ने भारत-न्यूजीलैंड मुक्त व्यापार समझौते (FTA) को दोनों देशों के लिए बड़ा अवसर बताया है। उन्होंने कहा कि यह समझौता न्यूजीलैंड के कारोबार को नई रफ्तार देगा और भारतीय बाजार में उसके निर्यातकों के लिए बड़े अवसर पैदा करेगा।
क्रिस्टोफर लक्सन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर कहा कि भारत के साथ होने वाला व्यापार समझौता न्यूजीलैंड के व्यवसायों के लिए बेहद लाभकारी साबित होगा। उन्होंने घोषणा की कि समझौते के लागू होने के पहले ही दिन से न्यूजीलैंड के 57 फीसदी निर्यात पर टैरिफ नहीं लगेगा। इससे न्यूजीलैंड के उत्पाद भारतीय बाजार में अधिक प्रतिस्पर्धी बन सकेंगे।
सरकारी जानकारी के अनुसार, प्रधानमंत्री मोदी और प्रधानमंत्री लक्सन के बीच होने वाली बैठक में व्यापार और निवेश के साथ-साथ रक्षा, प्रौद्योगिकी, शिक्षा, कृषि तथा अन्य रणनीतिक क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर विस्तृत चर्चा होगी। दोनों देशों के बीच आर्थिक और रणनीतिक साझेदारी को नई दिशा देने पर भी जोर रहेगा।
भारत और न्यूजीलैंड के बीच मुक्त व्यापार समझौते पर बातचीत अप्रैल 2010 में शुरू हुई थी, लेकिन 2015 में यह प्रक्रिया ठप पड़ गई थी। इसके बाद 17 मार्च 2025 को दोनों देशों ने वार्ता दोबारा शुरू करने का फैसला किया। कई दौर की बातचीत के बाद 22 दिसंबर 2025 को समझौते को अंतिम रूप दिया गया।