

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Major reshuffle in Raipur Police Commissionerate: three new DCPs appointed, and several station house officers (SHOs) replaced.
रायपुर। राजधानी की पुलिस कमिश्नरी में बड़ा प्रशासनिक बदलाव किया गया है। गृह विभाग ने लंबे समय से रिक्त तीन डीसीपी पदों पर नए अधिकारियों की नियुक्ति कर दी है। इसके साथ ही पुलिस कमिश्नर ने कई थाना प्रभारियों के भी तबादले किए हैं। सूत्रों के अनुसार, अगले सप्ताह भी कमिश्नरी में और प्रशासनिक फेरबदल हो सकते हैं।
जारी आदेश के अनुसार, एएसपी तारकेश्वर पटेल को सेंट्रल जोन का डीसीपी बनाया गया है। एएसपी दीपमाला कश्यप को नॉर्थ जोन और एएसपी अर्चना झा को ट्रैफिक एवं प्रोटोकॉल डीसीपी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इससे पहले तीन दिन पहले आईपीएस रॉबिन्स गुरिया को वेस्ट जोन का डीसीपी नियुक्त किया गया था।
रायपुर में 23 जनवरी को पुलिस कमिश्नरी व्यवस्था लागू की गई थी। उस समय पांच आईपीएस अधिकारियों को अलग-अलग जोन की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। बाद में इनमें से कई अधिकारियों को जिलों का स्वतंत्र प्रभार दिया गया। अब करीब 171 दिन बाद कमिश्नरी की संरचना में बड़ा बदलाव किया गया है। वर्तमान में सेंट्रल, नॉर्थ, वेस्ट, क्राइम एंड साइबर तथा ट्रैफिक एवं प्रोटोकॉल के पांच डीसीपी पदों पर दो आईपीएस और तीन राज्य पुलिस सेवा (सीपीएस) कैडर के अधिकारी तैनात किए गए हैं। पहले नियुक्त अधिकारियों में केवल आईपीएस राजनाला स्मृति ही अपने मूल पद पर बनी हुई हैं।
कानून व्यवस्था की दृष्टि से संवेदनशील माने जाने वाले सेंट्रल जोन की जिम्मेदारी तारकेश्वर पटेल को दी गई है। वे इससे पहले रायपुर शहर और ग्रामीण क्षेत्र में एएसपी के रूप में कार्य कर चुके हैं। वहीं अर्चना झा डीएसपी मुख्यालय और क्राइम डीएसपी जैसी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभाल चुकी हैं। हाल ही में वे एडिशनल डीसीपी मुख्यालय के पद पर कार्यरत थीं।
प्रशासनिक बदलाव के तहत सीनियर टीआई सतीश गहरवार को क्राइम ब्रांच का नया प्रभारी बनाया गया है। वे सचिन सिंह का स्थान लेंगे। साथ ही उनके पास कोतवाली थाना प्रभारी की जिम्मेदारी भी बनी रहेगी। सतीश गहरवार इससे पहले भी क्राइम ब्रांच का नेतृत्व कर चुके हैं।इसके अलावा टीआई नरेंद्र साहू को गुढ़ियारी थाना, टीआई राजेश को आजाद चौक थाना और पारस राम पटेल को सरस्वती नगर थाना का प्रभारी बनाया गया है। विधानसभा थाना प्रभारी शिवेंद्र राजपूत को रिलीव कर दिया गया है। फिलहाल उनकी जगह किसी नए अधिकारी की नियुक्ति नहीं की गई है।
पुलिस महकमे में चर्चा है कि कमिश्नरी व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के लिए जल्द ही कुछ अन्य अधिकारियों की जिम्मेदारियों में भी बदलाव किया जा सकता है। ऐसे में आने वाले दिनों में रायपुर पुलिस कमिश्नरी में एक और तबादला सूची जारी होने की संभावना जताई जा रही है।