

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

No curb on cannabis smuggling in Raipur; peddler arrested, but mastermind remains out of police reach.
रायपुर। राजधानी में गांजा तस्करी के खिलाफ लगातार कार्रवाई के बावजूद इसका नेटवर्क कमजोर होता नजर नहीं आ रहा। पुलिस पिछले छह महीनों में 50 से अधिक गांजा पैडलरों को गिरफ्तार कर चुकी है, लेकिन इस पूरे कारोबार को संचालित करने वाले कथित मास्टरमाइंड अब भी गिरफ्त से बाहर हैं। नतीजतन ओडिशा से छत्तीसगढ़ के रास्ते गांजे की सप्लाई लगातार जारी है।
पुलिस की कार्रवाई में छोटे तस्कर और सप्लाई चेन से जुड़े लोग तो लगातार गिरफ्तार हो रहे हैं, लेकिन मुख्य सप्लायरों और नेटवर्क संचालकों तक जांच नहीं पहुंच पा रही। माना जा रहा है कि यही वजह है कि कार्रवाई के बावजूद गांजा तस्करी का सिलसिला नहीं थम रहा है। रायपुर के जरिए अन्य राज्यों में भी गांजे की खेप भेजे जाने की जानकारी सामने आती रही है।
गांजा तस्करी के मामलों में गिरफ्तार आरोपियों के पास से मोबाइल फोन भी बरामद होते हैं। जांच एजेंसियों का मानना है कि इन मोबाइलों की तकनीकी जांच से बड़े सप्लायरों और पूरे नेटवर्क का खुलासा हो सकता है। हालांकि, कई मामलों में मोबाइल डेटा की गहन पड़ताल नहीं होने से जांच पैडलरों तक ही सीमित रह जाती है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि रायपुर समेत कई राज्यों में गांजे की सप्लाई ओडिशा से होती है। छत्तीसगढ़-ओडिशा सीमा पर सक्रिय तस्कर बाहर से आने वाले पैडलरों को गांजा उपलब्ध कराते हैं, जिसके बाद इसे अलग-अलग राज्यों तक पहुंचाया जाता है।
विशेषज्ञों का मानना है कि इस नेटवर्क को पूरी तरह तोड़ने के लिए छत्तीसगढ़ और ओडिशा पुलिस के बीच समन्वित अभियान जरूरी है। अब तक दोनों राज्यों की पुलिस की ओर से बड़े स्तर पर संयुक्त ऑपरेशन नहीं चलाया गया है, जिससे तस्करी का नेटवर्क सक्रिय बना हुआ है।
आंकड़ों के अनुसार, पिछले तीन महीनों में रायपुर पुलिस ने करीब दो क्विंटल गांजा जब्त किया है। वहीं पूरे राज्य में बीते 13 महीनों के दौरान 20 टन से अधिक गांजा बरामद किया जा चुका है। अधिकांश खेप ओडिशा से छत्तीसगढ़ पहुंची थी।
एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) के प्रभारी और एसीसीयू अधिकारी सुनील दास ने कहा कि गांजा तस्करी के खिलाफ विशेष अभियान लगातार चलाया जा रहा है। गिरफ्तार तस्करों से मिले इनपुट के आधार पर दूसरे राज्यों में सक्रिय बड़े सप्लायरों की पहचान की जा रही है और उनकी तलाश जारी है।