

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Major reshuffle in the Censor Board after nearly 9 years... 18 members, including Preity Zinta and Pankaj Tripathi, join the new panel.
नई दिल्ली। फिल्मों को प्रमाणपत्र देने वाले केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड यानी सीबीएफसी का केंद्र सरकार ने पुनर्गठन कर दिया है। लंबे अंतराल के बाद गठित किए गए नए बोर्ड में फिल्म और मनोरंजन जगत से जुड़े कई चर्चित चेहरों को जगह मिली है। अभिनेत्री प्रीति जिंटा, अभिनेता पंकज त्रिपाठी, सुनील शेट्टी, पल्लवी जोशी, प्रोसेनजीत चटर्जी और ग्रैमी पुरस्कार विजेता संगीतकार रिकी केज समेत कुल 18 सदस्य नए पैनल का हिस्सा बनाए गए हैं।नए बोर्ड की कमान सीबीएफसी अध्यक्ष शशि शेखर वेम्पति के पास ही रहेगी। केंद्र की ओर से जारी आदेश के मुताबिक नए सदस्यों का कार्यकाल तत्काल प्रभाव से तीन साल या अगले आदेश तक रहेगा, इनमें जो भी पहले हो, वही प्रभावी होगा।
नए गठन में पुराने पैनल के अधिकांश सदस्यों को जगह नहीं मिली है। वामन केंद्रे और रमेश पतंगे ऐसे दो सदस्य हैं, जिन्हें नए बोर्ड में भी बनाए रखा गया है। बाकी सदस्यों की जगह नए चेहरों को शामिल किया गया है।नए बोर्ड में फिल्म निर्माता प्रियदर्शन, फिल्म समीक्षक विनोद अनुपम, अभिनेता मनोज जोशी, फिल्मकार अभिषेक जैन, गायक एवं पूर्व सांसद हंसराज हंस, निर्माता सुप्रिया यारलागड्डा, कवि-लेखक यतींद्र मिश्रा और टीवी अभिनेत्री रूपाली गांगुली भी शामिल हैं।
18 सदस्यीय पैनल में फिल्मकार नीला माधब पांडा, मराठी अभिनेत्री-लेखिका निशिगंधा वाड, फिल्म निर्माता प्रियदर्शन और अभिषेक जैन के अलावा तेलुगु फिल्म जगत से जुड़ी सुप्रिया यारलागड्डा को भी शामिल किया गया है। संगीत के क्षेत्र से रिकी केज और फिल्म जगत से पल्लवी जोशी, प्रोसेनजीत चटर्जी तथा सुनील शेट्टी जैसे नाम बोर्ड का हिस्सा बने हैं।
सीबीएफसी का पिछला पुनर्गठन अगस्त 2017 में तीन साल के कार्यकाल के लिए किया गया था। निर्धारित अवधि 2020 में समाप्त हो गई थी, लेकिन नए सदस्यों की नियुक्ति होने तक पुराने सदस्य पद पर बने रहे। इस वजह से बोर्ड के लंबे समय तक पुनर्गठन नहीं होने को लेकर सवाल भी उठते रहे।संसद में भी इस विषय पर सवाल उठाया गया था। सरकार ने सिनेमा प्रमाणन नियम 2024 के प्रावधानों का हवाला देते हुए बताया था कि सदस्यों का कार्यकाल तीन साल का होता है, लेकिन उत्तराधिकारी की नियुक्ति होने तक वे पद पर बने रह सकते हैं।
नए बोर्ड के गठन से पहले 29 अगस्त को सीबीएफसी की बैठक हुई थी। यह बैठक भी लंबे अंतराल के बाद हुई थी। सिनेमा प्रमाणन नियम 2024 के तहत बोर्ड की बैठक कम से कम हर तिमाही में एक बार आयोजित किए जाने का प्रावधान है।शशि शेखर वेम्पति ने मई 2026 में प्रसून जोशी की जगह सीबीएफसी अध्यक्ष का पद संभाला था। अब नए सदस्यों के साथ बोर्ड के कामकाज को आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी उनके नेतृत्व में होगी।