

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Major strike against Naxalites in Bastar; caches worth over ₹18 lakh recovered in Dantewada and Kanker; gold, cash, weapons, and laptops seized.
जगदलपुर। बस्तर संभाग में नक्सल विरोधी अभियान के तहत पुलिस और सुरक्षा बलों को लगातार बड़ी सफलताएं मिल रही हैं। दंतेवाड़ा और कांकेर जिलों में संयुक्त सर्च ऑपरेशन के दौरान नक्सलियों द्वारा जंगलों में छिपाकर रखा गया भारी मात्रा में हथियार, विस्फोटक, नकदी, सोने का बिस्कुट और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद किए गए हैं। सुरक्षा एजेंसियां इसे नक्सल नेटवर्क पर बड़ी चोट मान रही हैं।
दंतेवाड़ा जिले के थाना बारसूर क्षेत्र अंतर्गत तोड़मा गांव के जंगल-पहाड़ में हाल ही में आत्मसमर्पण कर मुख्यधारा में लौटे माओवादियों की निशानदेही पर संयुक्त टीम ने सर्च अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान जमीन के नीचे अलग-अलग स्थानों पर छिपाकर रखा गया नक्सलियों का बड़ा डंप बरामद किया गया।
बरामद सामग्री में 116 ग्राम सोने का बिस्कुट, 2 लाख रुपए नकद, हथियार, विस्फोटक, गोला-बारूद और अन्य नक्सली सामग्री शामिल है। पुलिस के अनुसार बरामद सामान की कुल कीमत करीब 18 लाख रुपए आंकी गई है।
पुलिस ने बताया कि नक्सलियों ने सुरक्षा बलों को निशाना बनाने की मंशा से हथियार, विस्फोटक और अन्य सामग्री जंगल में अलग-अलग स्थानों पर जमीन के नीचे छिपाकर रखी थी। आत्मसमर्पित माओवादियों से मिली सटीक सूचना के आधार पर यह सफल कार्रवाई की गई।
वहीं, कांकेर जिले के कोयलीबेड़ा थाना क्षेत्र में भी नक्सल उन्मूलन अभियान के तहत पुलिस और बीएसएफ की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई की। कांकेर-नारायणपुर सीमा पर आलपरस और गुमचुर के बीच जंगल-पहाड़ी क्षेत्र में नक्सलियों का एक और डंप बरामद किया गया।
इस डंप से दो 303 राइफल, 31 कारतूस, एक लैपटॉप, एक टैबलेट, तीन वायरलेस बैटरियां, एक रेडियो सेट, दो नक्सली वर्दियां, बड़ी मात्रा में पाउच, चार्जर, बैटरियां और नक्सली साहित्य जब्त किया गया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार बस्तर संभाग में चल रहे लगातार सर्च ऑपरेशन और आत्मसमर्पण कर रहे माओवादियों से मिल रही खुफिया जानकारी के चलते नक्सल संगठन की गतिविधियों पर प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। सुरक्षा बलों का अभियान आगे भी इसी तरह जारी रहेगा।