

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Bilaspur News: Major verdict in the Sanju Tripathi murder case; all 22 accused in the killing of the Congress leader acquitted court’s decision delivered after nearly 4 years.
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित कांग्रेस नेता संजू त्रिपाठी हत्याकांड में जिला कोर्ट ने बड़ा फैसला सुनाया है। शुक्रवार को अदालत ने मामले में सुनवाई करते हुए सभी 22 आरोपियों को बरी कर दिया। करीब चार साल पुराने इस चर्चित हत्याकांड में आए फैसले ने एक बार फिर मामले को सुर्खियों में ला दिया है।
बता दें कि 14 दिसंबर 2022 को बिलासपुर में संजू त्रिपाठी की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। वारदात सकरी बाइपास के पास हुई थी। संजू त्रिपाठी कांग्रेस नेता होने के साथ हिस्ट्रीशीटर भी थे। इस सनसनीखेज हत्याकांड को अंजाम देने के लिए उत्तर प्रदेश से शूटर बुलाए जाने की बात जांच के दौरान सामने आई थी।
पुलिस जांच के मुताबिक, संजू त्रिपाठी और उनके भाई कपिल त्रिपाठी के बीच संपत्ति को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। दोनों भाइयों का नाम आपराधिक गतिविधियों में भी सामने आता रहा था। बताया जाता है कि विवादित जमीनों के सौदों से जुड़े मामलों में भी दोनों की भूमिका रही थी। इसी संपत्ति विवाद को हत्याकांड की प्रमुख वजह माना गया था।
हत्या के बाद पुलिस ने संजू त्रिपाठी के भाई कपिल त्रिपाठी को मुख्य आरोपी मानते हुए गिरफ्तार किया था। मामले में उत्तर प्रदेश के शूटरों सहित कुल 22 लोगों को आरोपी बनाया गया था। पुलिस ने हत्या की साजिश और वारदात में अलग-अलग आरोपियों की भूमिका को लेकर जांच की थी।
अब इस मामले में जिला कोर्ट ने बड़ा फैसला सुनाते हुए सभी 22 आरोपियों को बरी कर दिया है। अदालत के इस निर्णय के बाद चर्चित संजू त्रिपाठी हत्याकांड एक बार फिर चर्चा में है। हालांकि, फैसले के विस्तृत आधार और अदालत की टिप्पणियों की जानकारी सामने आने के बाद मामले की कानूनी स्थिति और स्पष्ट होगी।