

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Man arrested for posing as an officer and demanding ₹5 lakh from a DSP by promising a job and a posting.
रायपुर। पुलिस ने ऐसे शातिर ठग को गिरफ्तार किया है, जो खुद को भारत सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय का सहायक आयुक्त बताकर लोगों से नौकरी और मनचाही पोस्टिंग दिलाने के नाम पर रकम वसूलता था। आरोपी ने एक डीएसपी से भी पांच लाख रुपये की मांग की थी, लेकिन उसकी चालाकी ज्यादा दिन तक नहीं चल सकी और शिकायत के बाद वह पुलिस के हत्थे चढ़ गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान बिहार निवासी रजनीश कुमार राय उर्फ छोटू के रूप में हुई है। पुलिस जांच में सामने आया कि वह पहले प्रभावशाली अधिकारी होने का दावा कर लोगों का भरोसा जीतता था। केंद्रीय मंत्रालयों और पुलिस विभाग में ऊंची पहुंच होने की बातें कहकर वह नौकरी और पसंदीदा स्थान पर पोस्टिंग कराने का भरोसा देता था। इसके बाद वह मोटी रकम की मांग करता था।
जांच के मुताबिक आरोपी की मुलाकात ट्रेन यात्रा के दौरान एक डीएसपी से हुई थी। उसने पहले अपनी पहचान और संपर्कों का प्रभाव दिखाया, फिर मनचाही पोस्टिंग दिलाने के बदले पांच लाख रुपये की मांग कर दी। डीएसपी को जब उसकी बातों पर संदेह हुआ तो उन्होंने रायपुर के सिविल लाइन थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी विभिन्न केंद्रीय मंत्रालयों के नाम से एडिट किए गए और नकली पहचान पत्र तैयार करता था। इन्हीं दस्तावेजों के जरिए वह खुद को वरिष्ठ सरकारी अधिकारी साबित करता था। मोबाइल पर भी वह मंत्रालय के अधिकारी के रूप में लोगों से संपर्क करता और प्रभावशाली अधिकारियों से करीबी होने का दावा करता था।
प्रारंभिक जांच में पता चला है कि आरोपी का ठगी का नेटवर्क बिहार और छत्तीसगढ़ तक फैला हुआ था। अब तक दो दर्जन से अधिक लोगों को नौकरी और पोस्टिंग दिलाने का झांसा देकर ठगने की जानकारी पुलिस को मिली है। महंगे शौक पूरे करने के लिए वह खुद को सरकारी अधिकारी बताकर लोगों से रुपये ऐंठता था।
पुलिस अब आरोपी के बैंक खातों, मोबाइल रिकॉर्ड और वित्तीय लेनदेन की जांच कर रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस गिरोह से जुड़े अन्य लोग कौन हैं और कितने लोग अब तक इसकी ठगी का शिकार बन चुके हैं। जांच के आधार पर आगे और खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।