

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Maoist dump busted on Odisha-Chhattisgarh border; weapons and IEDs recovered.
जगदलपुर। ओडिशा के मलकानगिरी जिले में सुरक्षा बलों को माओवादियों के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है। डिस्ट्रिक्ट वॉलंटियर फोर्स (DVF) ने बुधवार तड़के ओडिशा-छत्तीसगढ़ सीमा से लगे जंगलों में सर्च ऑपरेशन चलाकर माओवादियों का एक बड़ा डंप बरामद किया है। डंप से हथियार, आईईडी, क्लेमोर माइन और माओवादी संगठन से जुड़ी अन्य सामग्री बरामद की गई है।
जानकारी के मुताबिक, आत्मसमर्पण कर चुके माओवादियों से पूछताछ के आधार पर DVF की टीम ने मथिली थाना क्षेत्र के चेरकोटला, किर्मिती, कोटवापादर और कडाभाटा के जंगलों में तलाशी अभियान शुरू किया था। यह क्षेत्र छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले के दरभा थाना और सुकमा जिले के पुषपाल थाना क्षेत्र से सटा हुआ है।
सर्च ऑपरेशन के दौरान सुरक्षा बलों को जंगल में छिपाकर रखा गया माओवादी डंप मिला। बरामद सामग्री में तीन देसी बंदूकें, 5 किलो, 3 किलो और 2 किलो वजन के कई आईईडी, दो क्लेमोर माइन, कोडेक्स वायर, माओवादी बैनर समेत बड़ी मात्रा में अन्य सामान शामिल है।
सुरक्षा बलों ने बरामद हथियारों और विस्फोटक सामग्री को सुरक्षित तरीके से कब्जे में लिया है। मामले में आगे की जांच की जा रही है। सुरक्षा एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि बरामद सामग्री को किस उद्देश्य से जंगल में छिपाया गया था और इसके पीछे कौन से माओवादी नेटवर्क सक्रिय थे।
ओडिशा-छत्तीसगढ़ सीमा से लगा यह वन क्षेत्र लंबे समय से माओवादी गतिविधियों के लिहाज से संवेदनशील माना जाता रहा है। ऐसे में हथियार और विस्फोटकों से भरे डंप की बरामदगी को सुरक्षा बलों की अहम कामयाबी माना जा रहा है। घटना के बाद इलाके में सर्च ऑपरेशन तेज करने के साथ सुरक्षा व्यवस्था भी और मजबूत कर दी गई है।