

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Massive airstrike near market in Myanmar; 49 dead, 58 injured.
नई दिल्ली। म्यांमार के पश्चिमी रखाइन राज्य में एक बाजार के पास हुए भीषण हवाई हमले में कम से कम 49 लोगों की मौत हो गई, जबकि 58 लोग घायल बताए जा रहे हैं। हमले के बाद इलाके में अफरा-तफरी और हड़कंप मच गया। यह हमला ऐसे समय हुआ है, जब म्यांमार में लोकतंत्र समर्थक विद्रोही गुटों और जातीय सशस्त्र समूहों के खिलाफ सैन्य कार्रवाई जारी है।
यह हवाई हमला सोमवार को क्याउक्ताव टाउनशिप में हुआ। यह इलाका म्यांमार के दूसरे सबसे बड़े शहर मांडले से करीब 340 किलोमीटर पश्चिम में स्थित है। क्याउक्ताव पर रखाइन क्षेत्र के प्रभावशाली जातीय सशस्त्र संगठन अराकान आर्मी (AA) का नियंत्रण है।
अराकान आर्मी की ओर से मंगलवार तड़के जारी बयान के मुताबिक, दोपहर के समय एक लड़ाकू विमान ने स्थानीय बाजार के पास दो बम गिराए। संगठन का दावा है कि हमले में बाजार में सामान बेचने वाले दुकानदारों, खरीदारी करने आए लोगों और पैदल गुजर रहे लोगों की मौत हुई। संगठन के अनुसार, हमले में 58 लोग घायल हुए हैं। इनमें से 22 लोगों की हालत गंभीर बताई गई है।
हमले में हताहतों की संख्या और घटना की परिस्थितियों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है। म्यांमार के संघर्ष प्रभावित इलाकों में स्वतंत्र मीडिया और राहत एजेंसियों की पहुंच सीमित होने के कारण ऐसे घटनाक्रमों की तत्काल स्वतंत्र पुष्टि मुश्किल होती है।
अराकान आर्मी ने हमले के लिए जिम्मेदार लोगों और संगठनों के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी दी है। संगठन ने कहा कि वह उन लोगों और संगठनों के खिलाफ जल्द ही "प्रभावी जवाबी कार्रवाई" करेगा, जिन्हें वह जानबूझकर किए गए हवाई हमले के लिए सीधे तौर पर जिम्मेदार मानता है।
स्थानीय अधिकारियों के मुताबिक, जिस बाजार के पास हमला हुआ, वहां पूरे रखाइन राज्य से व्यापारी सामान बेचने के लिए आते थे। बाजार में स्थानीय लोगों के साथ बड़ी संख्या में खरीदार और राहगीरों की मौजूदगी रहती थी। यही वजह है कि हमले में बड़ी संख्या में आम नागरिकों के हताहत होने की बात सामने आई है।
हमले के बाद बचाव दल घटनास्थल पर पहुंचे और घायलों को अस्पताल पहुंचाने का काम शुरू किया। रखाइन में बचाव कार्य से जुड़े वरिष्ठ अधिकारी वाई हुन आंग ने घटनास्थल पर मौजूद बचाव कर्मियों के हवाले से घटना में बड़ी संख्या में लोगों के हताहत होने की जानकारी दी है।