

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Massive explosion near a mosque in Pakistan's Khyber Pakhtunkhwa; 15 dead, over 30 injured.
Khyber Pakhtunkhwa Blast: पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के कोहाट में जुमे की नमाज के दौरान एक मस्जिद में भीषण धमाका हुआ। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, ओल्ड पुलिस लाइंस के पास स्थित मस्जिद में यह विस्फोट हुआ। घटना में कम से कम 15 लोगों की मौत हुई है, जबकि 30 से ज्यादा लोग घायल बताए जा रहे हैं। मृतकों में 5 पुलिसकर्मी और 10 आम नागरिक शामिल हैं। घायलों में कई की हालत गंभीर बताई जा रही है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, जिस समय मस्जिद में जुमे की नमाज पढ़ी जा रही थी, उसी दौरान विस्फोट हुआ। बताया जा रहा है कि विस्फोटकों से लदे एक वाहन को ओल्ड पुलिस लाइंस में स्थित मस्जिद के गेट से टकराया गया, जिसके बाद जोरदार धमाका हुआ। धमाके के बाद इलाके में गोलीबारी की भी सूचना सामने आई है। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।
धमाका इतना शक्तिशाली था कि मस्जिद के बाहरी हिस्से को भारी नुकसान पहुंचा। एक दीवार भी गिर गई। आसपास की कई इमारतें भी प्रभावित हुई हैं। आशंका जताई जा रही है कि कुछ लोग मलबे में दबे हो सकते हैं।
सूचना मिलते ही बचाव और सुरक्षा दल मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया गया। घायलों को उपचार के लिए नजदीकी अस्पतालों में पहुंचाया जा रहा है।
खैबर पख्तूनख्वा के इंस्पेक्टर जनरल जुल्फिकार हमीद के मुताबिक, धमाका कोहाट पुलिस लाइंस की एक मस्जिद में हुआ। शुरुआती जांच में सामने आया है कि विस्फोटकों से लदी एक गाड़ी को ओल्ड पुलिस लाइन में घुसाया गया था।
हालांकि, धमाके को अंजाम देने का तरीका और इसके पीछे कौन लोग हैं, इसकी जांच की जा रही है। सुरक्षा एजेंसियां घटनास्थल से सबूत जुटा रही हैं।
खैबर पख्तूनख्वा के मुख्यमंत्री सोहेल अफरीदी ने धमाके की निंदा की है। उन्होंने अधिकारियों से घटना की विस्तृत रिपोर्ट मांगी और मामले की जांच के निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बेगुनाह लोगों को निशाना बनाना बेहद गलत है और इसे किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जा सकता। संबंधित पुलिस अधिकारियों से घटना को लेकर डिटेल्ड रिपोर्ट मांगी गई है।
पाकिस्तान इंस्टीट्यूट फॉर कॉन्फ्लिक्ट एंड सिक्योरिटी स्टडीज (PICSS) के आंकड़ों के मुताबिक, जनवरी से अगस्त 2026 के बीच पाकिस्तान में 990 मिलिटेंट हमले दर्ज किए गए। इन घटनाओं में 1,126 लोगों की मौत हुई।
अगस्त 2026 में सबसे ज्यादा 199 हमले दर्ज किए गए, जबकि जुलाई में 144 हमले हुए थे। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, जुलाई की तुलना में अगस्त में हमलों की संख्या में करीब 38 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई।
फिलहाल राहत और बचाव अभियान जारी है। कई घायलों की स्थिति गंभीर बताई जा रही है और मलबे में लोगों के दबे होने की आशंका भी है। ऐसे में अधिकारियों के अनुसार, मृतकों की संख्या बढ़ सकती है। मामले की जांच जारी है।