

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Massive explosion while making firecrackers; 5 members of the same family killed
सिवान: बिहार के सिवान जिले में शुक्रवार शाम पटाखे बनाने के दौरान एक घर में भीषण विस्फोट हो गया। बड़हरिया प्रखंड के जामो थाना क्षेत्र के आलमपुर गांव में हुए इस हादसे में अमरुद्दीन मियां के परिवार के पांच लोगों की मौत हो गई। वहीं, दो अन्य लोगों की तलाश के लिए राहत एवं बचाव अभियान चलाया जा रहा है। विस्फोट के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर तैनात हैं।
मामले में लापरवाही बरतने के आरोप में एसपी भारत सोनी ने जामो बाजार थाना प्रभारी और स्थानीय चौकीदार चंद्रिका मांझी को निलंबित कर दिया है। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पटाखे बनाते समय अचानक हुआ विस्फोट
स्थानीय लोगों के मुताबिक, आलमपुर गांव निवासी अमरुद्दीन मियां (72) के घर में लंबे समय से पटाखे बनाने का काम किया जा रहा था। बताया जाता है कि परिवार में यह काम कई पीढ़ियों से चला आ रहा था। शुक्रवार शाम भी घर में पटाखे बनाए जा रहे थे। इसी दौरान अचानक जोरदार धमाका हो गया।
विस्फोट इतना तेज था कि आसपास के इलाके में दहशत फैल गई। धमाके की आवाज सुनकर लोग घरों से बाहर निकल आए। घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण जमा हो गए। स्थानीय लोगों ने राहत कार्य में मदद करने की कोशिश की।
पांच शव निकाले गए, दो अन्य की तलाश जारी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, फायर ब्रिगेड और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं। सदर एसडीओ आशुतोष कुमार गुप्ता और एसडीपीओ ने घटनास्थल का जायजा लिया। अधिकारियों की निगरानी में राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया गया।
सदर एसडीओ आशुतोष कुमार गुप्ता के मुताबिक, घटनास्थल से अब तक पांच शव निकाले जा चुके हैं। ग्रामीणों के अनुसार, विस्फोट के समय परिवार के सात सदस्य घर के अंदर मौजूद थे। ऐसे में अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।
एसपी भारत सोनी ने बताया कि पुलिस को शाम 5:20 बजे विस्फोट की सूचना मिली थी। घटनास्थल पर रुक-रुककर हो रहे धमाकों के कारण बचाव कार्य में परेशानी आ रही है। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पूरे इलाके की घेराबंदी की गई है और लोगों से घटनास्थल से करीब 200 मीटर दूर रहने की अपील की गई है।
स्वास्थ्य विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची
हादसे की जानकारी मिलने के बाद सिविल सर्जन के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची। टीम को जरूरत के मुताबिक चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने के लिए तैनात किया गया है। पुलिस, फायर ब्रिगेड, मेडिकल और बिजली विभाग की टीमें मौके पर मौजूद हैं।
लगातार विस्फोट होने की आशंका को देखते हुए राहत एवं बचाव अभियान सावधानी के साथ चलाया जा रहा है, ताकि किसी दूसरी घटना से बचा जा सके।
FSL टीम जुटा रही साक्ष्य, लाइसेंस की भी होगी जांच
एसपी भारत सोनी के मुताबिक, घटनास्थल पर फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम पहुंच गई है। टीम विस्फोट से जुड़े नमूने एकत्र कर जांच करेगी। प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस इस बात का पता लगा रही है कि पटाखे बनाने के लिए सामग्री कहां से लाई जाती थी और निर्माण के लिए वैध लाइसेंस था या नहीं।
स्थानीय ग्रामीणों का दावा है कि परिवार के पास पहले से लाइसेंस था और करीब 20 वर्षों से पटाखे बनाने का काम किया जा रहा था। हालांकि, पुलिस सभी तथ्यों और लाइसेंस से जुड़े दस्तावेजों का सत्यापन करेगी।
लापरवाही के आरोप में थाना प्रभारी और चौकीदार सस्पेंड
एसपी भारत सोनी ने बताया कि लाइसेंस के सत्यापन के लिए सीओ और थाना प्रभारी को निर्देश दिए गए थे। मामले में लापरवाही बरतने के आरोप में जामो बाजार थाना प्रभारी और स्थानीय चौकीदार चंद्रिका मांझी को निलंबित कर दिया गया है।
फिलहाल पुलिस और प्रशासन की टीमें घटनास्थल पर मौजूद हैं। विस्फोट के वास्तविक कारण, पटाखा निर्माण की परिस्थितियों और सुरक्षा मानकों के पालन से जुड़े पहलुओं की जांच की जा रही है।