

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Massive fire at a chemical factory in Bhilai; over 50 drums and two tankers engulfed.
भिलाई। भिलाई के औद्योगिक क्षेत्र में गुरुवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब श्री श्याम केमिकल फैक्ट्री में अचानक भीषण आग लग गई। आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया और फैक्ट्री परिसर में रखे केमिकल से भरे 50 से ज्यादा ड्रमों के साथ ही केमिकल भरने पहुंचे दो टैंकरों को भी अपनी चपेट में ले लिया। आग से उठता घना काला धुआं करीब 5 किलोमीटर दूर तक दिखाई दिया, जिससे आसपास के इलाकों में दहशत का माहौल बन गया।
जानकारी के मुताबिक, घटना सुबह करीब 11 बजे की है। उस समय फैक्ट्री परिसर में वेल्डिंग का काम चल रहा था। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, वेल्डिंग से निकली चिंगारी केमिकल के संपर्क में आने के बाद आग भड़कने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में फैक्ट्री के अलग-अलग हिस्से इसकी चपेट में आ गए।
फैक्ट्री परिसर में बड़ी मात्रा में ज्वलनशील केमिकल के ड्रम रखे होने के कारण दमकल कर्मियों को आग पर काबू पाने में काफी मशक्कत करनी पड़ रही है। आग की चपेट में आकर 50 से ज्यादा केमिकल ड्रम और दो टैंकर जल गए हैं।
केमिकल की मौजूदगी के चलते आग लगातार भड़कती रही। स्थिति को देखते हुए दमकल कर्मी पानी के बजाय फोम प्रेशर का इस्तेमाल कर आग पर नियंत्रण पाने में जुटे हैं।
आग की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीमें तत्काल मौके पर पहुंचीं। करीब पांच फायर ब्रिगेड वाहनों की मदद से आग बुझाने का अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर मौजूद हैं। सुरक्षा को देखते हुए आसपास की आवाजाही को भी नियंत्रित किया जा रहा है, ताकि आग और धुएं के बीच किसी तरह की अप्रिय स्थिति न बने। घटना के दौरान कुछ मजदूरों के घायल होने की सूचना सामने आई है। हालांकि, घायलों की संख्या और उनकी स्थिति की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
फिलहाल प्रशासन और दमकल विभाग की प्राथमिकता आग को पूरी तरह बुझाना और इलाके को सुरक्षित करना है। आग पर नियंत्रण के बाद ही फैक्ट्री में हुए नुकसान, घायलों की वास्तविक संख्या और हादसे के कारणों की विस्तृत जानकारी सामने आ सकेगी। फिलहाल मौके पर राहत और बचाव कार्य जारी है।