

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार
.jpg&w=3840&q=75)
Massive fire at illegal firecracker factory in Jaipur; seven dead, several injured.
जयपुर। जयपुर के खोह नागोरियान थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह करीब 11 बजे एक चाइनीज पाइरो फैक्ट्री में भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग के साथ हुए तेज धमाके से आसपास के लोग दहशत में घरों से बाहर निकल आए। हादसे में एक बच्चे समेत कई लोग झुलस गए, जबकि शाम तक सात लोगों की मौत की पुष्टि हुई।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, फैक्ट्री में पटाखों के निर्माण के लिए इस्तेमाल होने वाले बारूद ने अचानक आग पकड़ ली। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और वहां रखा गैस सिलेंडर भी फट गया। सिलेंडर विस्फोट के कारण धमाका और अधिक भयावह हो गया, जिससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आग लगते ही फैक्ट्री में काम कर रहे कर्मचारी झुलसी हालत में बाहर निकलकर सड़क पर आ गए। स्थानीय निवासी आसिफ अंसारी ने बताया कि धमाके की आवाज सुनकर लोग मौके पर पहुंचे। आग की लपटें कुछ कम होने पर उन्होंने अन्य लोगों की मदद से अंदर फंसे घायलों को बाहर निकाला, जिनमें एक बच्चा भी शामिल था।
जानकारी के अनुसार, फैक्ट्री में 11 मशीनों के जरिए कैमिकल पाउडर भरने का काम किया जाता था। मौके से ‘कोहिनूर’ ब्रांड की अधजली पैकिंग भी बरामद हुई है। हालांकि आग की चपेट में आने से फैक्ट्री में रखा अधिकांश सामान पूरी तरह जलकर नष्ट हो गया।
जयपुर कलेक्टर संदेश नायक ने बताया कि घटनास्थल बेहद घनी आबादी वाला और संकरी गलियों वाला इलाका है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह कोई पंजीकृत फैक्ट्री नहीं थी, बल्कि एक रिहायशी मकान में अवैध रूप से विस्फोटक सामग्री रखकर गतिविधियां संचालित की जा रही थीं।
हादसे के बाद प्रशासन और पुलिस अवैध रूप से संचालित इस इकाई की जांच में जुट गए हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि सीमित जगह में भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री रखी गई थी, जिससे आग लगने पर नुकसान कई गुना बढ़ गया। अधिकारियों ने मामले की विस्तृत जांच के आदेश दिए हैं।
हादसे के बाद पुलिस, दमकल और प्रशासनिक टीमों ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जबकि मृतकों की पहचान और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।