

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

CG Crime: Mastermind arrested for Rs 8.45 crore fraud, duped farmers and accountants in the name of investment
जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिला में किसानों और एक अकाउंटेंट से करीब 8.45 करोड़ रुपये की ठगी करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। ठगी के बाद फरार आरोपी को पश्चिम बंगाल से दबोचा गया है। आरोपी ने ठगी की रकम से कार, सोना और बंगला खरीद लिया था।
शेयर मार्केट में निवेश का दिया लालच
मामला चांपा थाना क्षेत्र का है। सक्ती जिले के निवासी 38 वर्षीय भूधर प्रसाद देवांगन ने 30 जनवरी को थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शिकायत के अनुसार वर्ष 2021 में उनकी पहचान पश्चिम बंगाल निवासी विश्वजीत देबनाथ से हुई थी। आरोपी ने शेयर मार्केट में निवेश कराने और हर महीने 5 प्रतिशत ब्याज दिलाने का झांसा दिया। लाभ के लालच में भूधर प्रसाद समेत कई किसानों ने आरोपी के पास करीब 8.45 करोड़ रुपये जमा करा दिए।
8 महीने तक देता रहा ब्याज, फिर हुआ फरार
शुरुआती आठ महीनों तक आरोपी ने पीड़ितों को ब्याज दिया, जिससे उनका भरोसा बढ़ गया। इसके बाद उसने भुगतान बंद कर दिया और टालमटोल करने लगा। जब पीड़ितों ने पैसे लौटाने का दबाव बनाया तो आरोपी ने मोबाइल बंद कर लिया और फरार हो गया। इसके बाद पीड़ितों ने थाने में शिकायत दर्ज कराई।
विशेष टीम बनाकर आरोपी को दबोचा
मामले की गंभीरता को देखते हुए छत्तीसगढ़ पुलिस ने आरोपी की तलाश के लिए विशेष टीम गठित की। जांच के दौरान आरोपी के पश्चिम बंगाल में छिपे होने की जानकारी मिली। पुलिस टीम ने वहां दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
ठगी की रकम से खरीदी कार, सोना और बंगला
पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया कि उसने ठगी के पैसों से कार, सोना और घर खरीदा है। साथ ही कुछ सोना आईडीबीआई बैंक में जमा कराया गया था। पुलिस ने आरोपी के पास से कार, 12 बैंकों के चेकबुक, 9 डेबिट कार्ड, 8 क्रेडिट कार्ड, पैन कार्ड, आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, तीन महंगे मोबाइल और नगदी बरामद की है।
पुलिस रिमांड में पूछताछ जारी
पुलिस ने आरोपी को रिमांड पर लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। मामले में अन्य लोगों की संलिप्तता और ठगी के नेटवर्क की भी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे और खुलासे हो सकते हैं।