

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Chhattisgarh: Road rage accused Shoaib Dhebar absconding, police continue raids to arrest him
रायपुर। रायपुर में रोडरेज के विवाद का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। विधायक कॉलोनी, तेलीबांधा निवासी स्कूल संचालक आरबी मिश्रा को गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का आरोपी शोएब ढेबर शहर छोड़कर फरार हो गया है। आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज होने के बाद पुलिस लगातार उसकी तलाश कर रही है।
आरोपी के घर चार बार दबिश, मोबाइल बंद कर फरार
पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज होने के बाद से तेलीबांधा थाना पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है। अब तक चार बार उसके निवास पर छापेमारी की जा चुकी है, लेकिन वह पुलिस के हाथ नहीं लग पाया है। जांच अधिकारियों का कहना है कि आरोपी ने मोबाइल फोन बंद कर रखा है और फरारी काट रहा है।
रोडरेज से शुरू हुआ विवाद
पीड़ित आरबी मिश्रा ने पुलिस को बताया कि 6 फरवरी की रात करीब 10 बजे वह विधायक कॉलोनी से राम मंदिर वीआईपी रोड दर्शन करने गए थे। दर्शन के बाद जब वह अपनी कार के पास पहुंचे, तभी पीछे से आ रही आरोपी की कार ने उनकी गाड़ी को स्क्रैच मार दिया।
इस पर जब मिश्रा ने सावधानी से वाहन चलाने की समझाइश दी, तो आरोपी ने बीच सड़क पर वाहन रोककर गाली-गलौज शुरू कर दी और जान से मारने की धमकी देने लगा। घटना के बाद पीड़ित ने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस का दावा- जल्द होगी गिरफ्तारी
थाना प्रभारी अविनाश सिंह ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित कर तलाश की जा रही है। पुलिस के अनुसार आरोपी फिलहाल अंडरग्राउंड है, लेकिन जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
विवादों से रहा है आरोपी का नाता
जानकारी के मुताबिक, आरोपी शोएब ढेबर शराब घोटाले के आरोपी अनवर ढेबर का बेटा और एजाज ढेबर का भतीजा बताया जा रहा है। 8 फरवरी को स्कूल संचालक की शिकायत के बाद उसके खिलाफ मामला दर्ज किया गया था।
पहले भी सामने आ चुके हैं विवाद
आरोपी का नाम पहले भी कई विवादों में सामने आ चुका है। 7 अगस्त 2025 को वह जेल परिसर में बिना अनुमति मुलाकात कक्ष में घुस गया था और वहां अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया था। घटना के बाद जेल प्रशासन ने उसकी कैदियों से मुलाकात पर तीन महीने के लिए रोक लगा दी थी।
इसके अलावा उस पर क्लब में मारपीट और कोरोना काल के दौरान पुलिसकर्मियों से विवाद के मामले भी सामने आ चुके हैं। पुलिस अब आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।