

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

रायपुर के तेलीबांधा थाना क्षेत्र में ठगी का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहाँ शातिर ठगों ने एक मोबाइल एक्सेसरीज कारोबारी को झांसे में लेकर पीतल की माला को सोने की बताकर 10 लाख रुपये ऐंठ लिए। पुलिस ने इस मामले में धोखाधड़ी का केस दर्ज कर लिया है।
कैसे हुई ठगी?
शिकायतकर्ता यश मोटवानी (निवासी अवंति विहार) की गैजेट क्रू नाम से मोबाइल एक्सेसरीज की दुकान है। 1 जून को एक अज्ञात युवक उनकी दुकान पर ईयरफोन खरीदने आया। बातचीत के दौरान उसने खुद को दूसरे राज्य का निवासी बताया और दावा किया कि उसे खुदाई में एक पुराना सिक्का और कुछ कीमती सामान मिला है। युवक ने यश का मोबाइल नंबर लिया और चला गया।
उसी दिन शाम को उसने यश को फोन किया और बताया कि उसके पास एक पीले रंग की पुरानी माला है जिसे वह बेचना चाहता है।
2 जून को तीन लोग तेलीबांधा ओवरब्रिज के नीचे यश से मिले। आरोपियों ने अपने बैग से एक भारी माला निकाली, जो दिखने में बिल्कुल सोने जैसी लग रही थी। विश्वास जीतने के लिए आरोपियों ने माला का एक छोटा टुकड़ा काटकर यश को जांच कराने के लिए दिया।
यश ने वह टुकड़ा विजय नगर स्थित एक ज्वेलर्स के पास ले जाकर जांच कराया, जहाँ उसे असली सोना बताया गया। शुरुआत में आरोपियों ने माला की कीमत 15 लाख रुपये मांगी थी, लेकिन बाद में सौदा 10 लाख रुपये में तय हुआ।
3 जून की शाम को आरोपियों ने यश को दोबारा जोरा ओवरब्रिज के पास बुलाया। यहाँ उन्होंने फिर से माला के दो छोटे टुकड़े निकालकर जांच के लिए दिए। यश के कहने पर उनके भाई भरत मोटवानी ने उन टुकड़ों को मालवीय रोड स्थित एक ज्वेलर्स के पास ले जाकर चेक कराया। वहाँ से भी टुकड़ों के असली सोना होने की पुष्टि हुई।
इस जांच रिपोर्ट से संतुष्ट होकर यश ने आरोपियों को 10 लाख रुपये नकद सौंप दिए और पूरी माला खरीद ली। सौदा पूरा होने के बाद जब यश माला लेकर एक अन्य ज्वेलर्स के पास पहुंचे और पूरी माला की जांच कराई, तब जाकर इस बात का खुलासा हुआ कि वह सोना नहीं, बल्कि पीतल की बनी हुई थी।
दूसरी घटना: बर्तन के बदले सामान देने का झांसा, जेवर लेकर फरार
रायपुर के खमतराई थाना क्षेत्र से महिलाओं को ठगे जाने का एक और मामला सामने आया है। यहाँ गोवर्धन नगर रेलवे पटरी के पास बस्ती में रहने वाली कई महिलाओं को एक शातिर महिला ने अपने झांसे में ले लिया। आरोपी महिला पुराने स्टील के बर्तनों के बदले नए बर्तन देने और सोने-चांदी के जेवरों का डिजाइन (छाप) लेकर बदले में पैसे या उपहार देने का लालच देकर फरार हो गई। पुलिस ने अज्ञात महिला के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है।
क्या है पूरा मामला?
गोवर्धन नगर निवासी राजकुमारी साहू ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है कि उनके मोहल्ले में पिछले दो-तीन दिनों से एक अज्ञात महिला बर्तन बेचने आ रही थी। वह पुराने बर्तनों के बदले नए बर्तन देने का काम करती थी, जिससे स्थानीय महिलाओं का उस पर भरोसा बन गया।
4 जून की सुबह इस अज्ञात महिला ने मोहल्ले की महिलाओं से कहा कि वह उनके सोने-चांदी के जेवरों का डिजाइन (छाप) लेकर शाम तक वापस कर देगी और इसके बदले उन्हें पैसा या उपहार भी मिलेगा।
कई महिलाएं हुईं ठगी का शिकार
महिला के इस झांसे में आकर कई महिलाओं ने अपने कीमती जेवर उसे सौंप दिए। राजकुमारी साहू ने अपना 4.5 ग्राम का सोने का मंगलसूत्र और करीब 7 ग्राम की सोने की पत्ती दे दी। इसी तरह मोहल्ले की अन्य महिलाओं ने भी अपने जेवर दिए, जिनमें रंजीता पाल से सोने के झुमके व लॉकेट, और चांदी की पैरी शामिल हैं।
सभी महिलाओं से जेवर इकट्ठा करने के बाद आरोपी महिला सामान और जेवर समेटकर वहाँ से रफूचक्कर हो गई। पुलिस अब इस शातिर महिला की तलाश कर रही है।