

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Monsoon arrives in Chhattisgarh: Rain in several districts, including Raipur; thunderstorms and rain likely over the next 5 days.
रायपुर। भीषण गर्मी और उमस से जूझ रहे छत्तीसगढ़वासियों के लिए मानसून राहत लेकर आया है। लंबे इंतजार के बाद 22 जून को मानसून ने प्रदेश में प्रवेश किया, जिसके बाद रायपुर, दंतेवाड़ा, बीजापुर सहित कई जिलों में बारिश दर्ज की गई। बारिश के चलते तापमान में गिरावट आई है और मंगलवार सुबह राजधानी रायपुर का मौसम सुहावना बना रहा।
मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में अगले पांच दिनों तक बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं की गतिविधियां जारी रहने की संभावना है। वहीं मध्य क्षेत्रों में अगले दो दिनों तक तापमान सामान्य से लगभग तीन डिग्री सेल्सियस अधिक रह सकता है। विभाग ने कई स्थानों पर 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और वज्रपात की चेतावनी भी जारी की है।
राजधानी रायपुर में मंगलवार को आसमान में बादल छाए रहने, बारिश होने और तेज हवाएं चलने के संकेत हैं। शहर का अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। मौसम में नमी बढ़ने से लोगों को गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।
प्रदेश में सबसे अधिक बारिश दक्षिणी जिलों में दर्ज की गई। बस्तर जिले के जगदलपुर में 5 सेंटीमीटर और नानगुर में 2 सेंटीमीटर वर्षा हुई। दंतेवाड़ा जिले के कुआकोंडा में 3 सेंटीमीटर, कटेकल्याण और गीदम में 1-1 सेंटीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा बलरामपुर में 2 सेंटीमीटर तथा भैरमगढ़ और गादीरास में 1-1 सेंटीमीटर वर्षा हुई।
सोमवार को प्रदेश में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस राजनांदगांव में दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 22.7 डिग्री सेल्सियस जगदलपुर में रिकॉर्ड किया गया। बारिश की गतिविधियों के चलते आने वाले दिनों में तापमान में और गिरावट आने की संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार औसत समुद्र तल पर मौसमी द्रोणिका राजस्थान से उत्तर प्रदेश होते हुए बिहार तक फैली हुई है। इसके अलावा तेलंगाना से रायलसीमा और तमिलनाडु होते हुए मन्नार की खाड़ी तक एक अन्य द्रोणिका सक्रिय है। इन मौसमी प्रणालियों के प्रभाव से प्रदेश में बारिश की गतिविधियों में तेजी आने की संभावना है।
मौसम विभाग ने लोगों से गरज-चमक और वज्रपात के दौरान खुले स्थानों में जाने से बचने तथा तेज हवाओं के समय सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है। अगले दो दिनों तक प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ आंधी और बिजली गिरने की संभावना बनी रहेगी।