

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

NCB busts international drug racket, seizes cocaine worth Rs 1,745 crore in Mumbai
मुंबई। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाहने शुक्रवार को जानकारी दी कि नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) ने मुंबई में 349 किलोग्राम हाई-ग्रेड कोकीन जब्त की है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 1,745 करोड़ रुपये आंकी गई है। यह कार्रवाई देश में सक्रिय अंतरराष्ट्रीय ड्रग नेटवर्क के खिलाफ बड़ी सफलता मानी जा रही है।
‘ड्रग कार्टेल को पूरी तरह खत्म करने का संकल्प’
गृह मंत्री अमित शाह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इस कार्रवाई की जानकारी साझा करते हुए कहा कि सरकार देश में फैले ड्रग कार्टेल को जड़ से खत्म करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने एनसीबी और अन्य एजेंसियों की कार्रवाई की सराहना करते हुए इसे नशे के खिलाफ निर्णायक अभियान बताया।
‘ऑपरेशन क्रिस्टल फोर्ट्रेस’ के तहत लगातार बड़ी कार्रवाइयां
पिछले एक साल में एनसीबी ने कई बड़े ऑपरेशन चलाकर अंतरराष्ट्रीय ड्रग सिंडिकेट्स पर शिकंजा कसा है। जनवरी 2026 में दिल्ली में चलाए गए ‘ऑपरेशन क्रिस्टल फोर्ट्रेस’ के तहत 262 करोड़ रुपये की 328 किलोग्राम मेथमफेटामाइन जब्त की गई थी। इसके अलावा नवंबर 2025 में गुजरात के मुंद्रा पोर्ट समेत अन्य बंदरगाहों पर 150 करोड़ रुपये से अधिक के नशीले पदार्थ बरामद किए गए थे।
जांच एजेंसियों ने डार्कनेट और क्रिप्टोकरेंसी के जरिए संचालित नेटवर्क का भी खुलासा किया, जहां से 70 लाख रुपये की डिजिटल करेंसी और करोड़ों रुपये मूल्य की एलएसडी बरामद हुई थी।
तुर्किये में ‘हमजा’ बनकर रह रहा था मोहम्मद सलीम डोला
अंतरराष्ट्रीय ड्रग तस्कर मोहम्मद सलीम डोला तुर्किये में बुल्गारियाई पासपोर्ट पर फर्जी नाम ‘हमजा’ से रह रहा था। भारत के अनुरोध पर जारी इंटरपोल रेड नोटिस के आधार पर उसे मार्च 2024 में तुर्किये में गिरफ्तार किया गया था।
हाल ही में भारत लाए गए 59 वर्षीय डोला को मुंबई की एक स्थानीय अदालत ने 8 मई तक एनसीबी की हिरासत में भेज दिया है। अब जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि उसका बुल्गारियाई पासपोर्ट असली था या फर्जी।
ड्रग नेटवर्क के अंतरराष्ट्रीय कनेक्शन की जांच तेज
एनसीबी अब डोला के जरिए संचालित पूरे अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क, उसके फंडिंग चैनल, विदेशों में मौजूद सहयोगियों और भारत में सक्रिय मॉड्यूल की जांच कर रही है। एजेंसियों का मानना है कि हालिया जब्ती और गिरफ्तारियां देश में फैले बड़े ड्रग सिंडिकेट को कमजोर करने में अहम साबित हो सकती हैं।