

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

NEET UG paper leak case: CBI files 20,000-page charge sheet; 13 accused in judicial custody.
नई दिल्ली। NEET UG पेपर लीक मामले की जांच कर रही केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) ने राउज एवेन्यू कोर्ट में करीब 20 हजार पन्नों की विस्तृत चार्जशीट दाखिल की है। जांच एजेंसी ने अदालत को बताया कि मामले की गंभीरता, आरोपियों की संख्या और बड़ी मात्रा में जुटाए गए दस्तावेजों, डिजिटल साक्ष्यों एवं गवाहों के बयानों के आधार पर यह आरोपपत्र तैयार किया गया है। अदालत ने चार्जशीट को रिकॉर्ड पर लेते हुए शेष दस्तावेज जमा करने के लिए CBI को अतिरिक्त समय दिया है। मामले की अगली सुनवाई 3 अगस्त को होगी।
सुनवाई के दौरान CBI ने कोर्ट को बताया कि जांच के दौरान बड़ी संख्या में दस्तावेज, डिजिटल साक्ष्य, गवाहों के बयान और अन्य रिकॉर्ड एकत्र किए गए हैं। चार्जशीट में 422 दस्तावेज, 360 गवाहों की सूची और 43 भौतिक साक्ष्यों का उल्लेख किया गया है। एजेंसी का कहना है कि उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर विस्तृत आरोपपत्र तैयार किया गया है।
सुनवाई के दौरान राउज एवेन्यू कोर्ट ने CBI से पूछा कि चार्जशीट में जिन बयानों और दस्तावेजों का उल्लेख किया गया है, वे रिकॉर्ड पर कहां हैं। इस पर जांच एजेंसी ने बताया कि संबंधित दस्तावेजों को तैयार कर अदालत में जमा करने की प्रक्रिया जारी है। इसके बाद अदालत ने आवश्यक रिकॉर्ड दाखिल करने के लिए CBI को अतिरिक्त समय देते हुए अगली सुनवाई 3 अगस्त तय की।
CBI की चार्जशीट में कुल 13 आरोपियों के नाम शामिल किए गए हैं, जो फिलहाल न्यायिक हिरासत में हैं। इनमें नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) के तीन विषय विशेषज्ञों के अलावा कथित बिचौलिए और कोचिंग संस्थानों से जुड़े लोग भी शामिल हैं।
चार्जशीट में NTA के तीन विषय विशेषज्ञों जीवविज्ञान विशेषज्ञ मनीषा मंधारे, रसायन विज्ञान विशेषज्ञ प्रल्हाद विट्ठलराव, भौतिकी विशेषज्ञ मनीषा संजय हवलदार के नाम शामिल हैं।
इसके अलावा एजेंसी ने मनीषा संजय वाघमारे, धनंजय निवृत्ति लोखंडे, शुभम मधुकर खैरनार, यश यादव, मांगीलाल बिवाल, विकास बिवाल, दिनेश बिवाल और डॉ. मनोज भगवानराव शिरुरे को भी आरोपी बनाया है।
चार्जशीट में लातूर स्थित RCC कोचिंग इंस्टीट्यूट के संचालक शिवराज रघुनाथ मोटेगांवकर और पुणे के APMA कोचिंग इंस्टीट्यूट के भौतिकी संकाय एवं सीओओ तेजस हर्षदकुमार शाह का नाम भी शामिल किया गया है।
NEET UG पेपर लीक मामले में CBI ने भारतीय न्याय संहिता (BNS), भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम और सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों की रोकथाम) अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है। जांच एजेंसी कथित पेपर लीक, आपराधिक साजिश और परीक्षा प्रक्रिया में अनियमितताओं के विभिन्न पहलुओं की जांच कर रही है।
NEET UG पेपर लीक मामला सामने आने के बाद देशभर में छात्रों और युवाओं ने व्यापक विरोध-प्रदर्शन किए थे और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग उठाई थी। सरकार द्वारा निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिए जाने के बाद CBI ने मामले की जांच अपने हाथ में ली थी। अब 20 हजार पन्नों की चार्जशीट दाखिल होने के साथ जांच प्रक्रिया एक महत्वपूर्ण चरण में पहुंच गई है। अदालत में अगली सुनवाई के दौरान CBI शेष दस्तावेज और रिकॉर्ड भी पेश करेगी।