

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

PoK Election: Pakistan Army opens fire on protesters, 30 dead; Section 144 imposed, internet services suspended.
नई दिल्ली। पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (POK) में चुनावी माहौल हिंसा की चपेट में आ गया है। चुनाव का विरोध कर रहे प्रदर्शनकारियों पर पाकिस्तानी सेना द्वारा की गई कथित फायरिंग में 30 लोगों की मौत हो गई, जबकि 50 से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं। घटना के बाद पूरे पीओके में तनाव व्याप्त है। प्रशासन ने हालात को देखते हुए धारा 144 लागू कर दी है और इंटरनेट सेवाएं भी बंद कर दी गई हैं।
जानकारी के अनुसार, जॉइंट अवामी एक्शन कमेटी (JAAC) के नेतृत्व में चुनाव के विरोध में प्रदर्शनकारी रावलाकोट से मुजफ्फराबाद की ओर मार्च निकाल रहे थे। इसी दौरान पाकिस्तानी सेना ने प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए कार्रवाई की, जो हिंसक झड़प में बदल गई। आरोप है कि सेना ने प्रदर्शनकारियों पर ताबड़तोड़ फायरिंग की, जिससे बड़ी संख्या में लोग हताहत हुए।
घटना के बाद पाकिस्तान प्रशासन ने पूरे पीओके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। पाकिस्तानी सेना की 10 अतिरिक्त कंपनियां तैनात की गई हैं। इसके अलावा आर्म्ड कॉन्स्टेबुलरी और पैरामिलिट्री बलों की भी बड़े पैमाने पर तैनाती की गई है। संवेदनशील इलाकों में लगातार गश्त की जा रही है।
बढ़ते तनाव को देखते हुए मंगलवार से पूरे पीओके में धारा 144 लागू कर दी गई है। प्रशासन ने इंटरनेट सेवाएं भी अस्थायी रूप से बंद कर दी हैं। लोगों को घरों में रहने की सलाह दी गई है। पुलिस और सेना की बख्तरबंद गाड़ियां सड़कों पर तैनात हैं और लाउडस्पीकर के माध्यम से लोगों से कानून-व्यवस्था बनाए रखने की अपील की जा रही है।
चुनावी हिंसा के बीच पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में भी राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने देर शाम सेना प्रमुख जनरल आसिम मुनीर के साथ दो दौर की उच्चस्तरीय बैठक की। सूत्रों के मुताबिक, 2 अगस्त को प्रस्तावित अगले चरण के चुनाव को देखते हुए पीओके में अतिरिक्त सुरक्षा बल भेजने का फैसला लिया गया है।
लगातार बढ़ती हिंसा और सुरक्षा बंदोबस्त के बीच पीओके में चुनावी प्रक्रिया को लेकर चिंता बढ़ गई है। विरोध प्रदर्शनों और हिंसा की घटनाओं के कारण आगामी चुनावों के शांतिपूर्ण और निष्पक्ष आयोजन पर भी सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय प्रशासन हालात सामान्य करने के प्रयास में जुटा हुआ है।