

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

National MTB Freestyle Cycling Championship held in Bhilai for the first time.
भिलाई। छत्तीसगढ़ में पहली बार भिलाई के जयंती स्टेडियम में दो दिवसीय MTB (माउंटेन बाइक) फ्रीस्टाइल साइक्लिंग नेशनल चैंपियनशिप का सफल आयोजन किया गया। VRM क्लब के तत्वावधान में आयोजित इस प्रतियोगिता में देश के 22 राज्यों के 58 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। लगातार बारिश के बावजूद खिलाड़ियों का उत्साह देखने लायक रहा और रोमांचक मुकाबलों के बाद प्रतियोगिता का समापन हुआ।
प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए भिलाई के प्रेरक कांत वर्मा ने पहला स्थान हासिल किया। दूसरे स्थान पर श्रीनगर (कश्मीर) के मोहम्मद फरहान रहे, जबकि तीसरा स्थान पटना (बिहार) के मोहम्मद दिलशाद ने प्राप्त किया। क्वालिफाइंग राउंड के बाद फाइनल में पहुंचे 10 खिलाड़ियों ने दमदार प्रदर्शन कर दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया।
समापन समारोह के मुख्य अतिथि दुर्ग लोकसभा सांसद विजय बघेल रहे। उनके साथ सांसद प्रतिनिधि प्रमोद सिंह, सुधीर बंसल, विष्णु पाठक, पप्पू चंद्राकर, पार्षद धर्मेंद्र भगत, अर्जुन पुरस्कार विजेता राजेंद्र प्रसाद और बीएसपी के परमिंदर सिंह सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। आयोजन समिति के मुकेश सिंह, अभिषेक सिंह और अमन ठाकुर ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।
अपने संबोधन में सांसद विजय बघेल ने कहा कि भिलाई में पहली बार इस स्तर की MTB फ्रीस्टाइल चैंपियनशिप का आयोजन होना पूरे प्रदेश के लिए गर्व की बात है। उन्होंने VRM क्लब और आयोजन समिति को सफल आयोजन के लिए बधाई देते हुए कहा कि भारी बारिश के बावजूद खिलाड़ियों ने जिस साहस, आत्मविश्वास और खेल भावना का परिचय दिया, वह प्रेरणादायक है।
उन्होंने कहा कि 22 राज्यों से खिलाड़ियों का भिलाई आना इस शहर की बढ़ती खेल पहचान का प्रमाण है। ऐसे आयोजन युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरित करते हैं और छत्तीसगढ़ को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाते हैं। सांसद ने आयोजन समिति के मुकेश सिंह और अभिषेक सिंह के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि उनके जैसे युवा खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने का महत्वपूर्ण कार्य कर रहे हैं।
अपने खेल जीवन का उल्लेख करते हुए विजय बघेल ने कहा कि वे स्वयं कबड्डी के खिलाड़ी और चैंपियन रह चुके हैं, इसलिए खिलाड़ियों के समर्पण, अनुशासन और संघर्ष को अच्छी तरह समझते हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।