

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Nava Raipur to get new railway connectivity, land acquisition process begins
रायपुर। नवा रायपुर को नई रेलवे कनेक्टिविटी देने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने नवा रायपुर-खरसिया-परमालकसा नई रेल लाइन परियोजना के लिए रायपुर जिले में आने वाली जमीनों की सूची जारी कर दी है। इसके साथ ही जमीन अधिग्रहण की शुरुआती प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। रेलवे प्रशासन ने प्रभावित जमीन मालिकों को दावा और आपत्ति दर्ज कराने के लिए 30 दिन का समय दिया है।
इंडस्ट्रियल एरिया को मिलेगा सीधा रेल नेटवर्क
नई रेल लाइन बनने के बाद नवा रायपुर की रायगढ़, राजनांदगांव और अन्य औद्योगिक क्षेत्रों से सीधी रेल कनेक्टिविटी मजबूत होगी। रेलवे अधिकारियों के मुताबिक इससे माल ढुलाई आसान होगी और उद्योगों को बड़ा फायदा मिलेगा।
रेलवे का कहना है कि यह परियोजना क्षेत्र के औद्योगिक विकास को नई गति देगी और लॉजिस्टिक लागत कम करने में मददगार साबित होगी।
154 हेक्टेयर क्षेत्र में फैली परियोजना
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे बिलासपुर के मुख्य प्रशासनिक अधिकारी मुदित भटनागर के अनुसार पूरी परियोजना करीब 154 हेक्टेयर क्षेत्र में फैली हुई है। पहले चरण में रायपुर जिले के भीतर लगभग 12.95 हेक्टेयर जमीन का अधिग्रहण किया जाएगा।
रेलवे द्वारा जारी अधिसूचना में मंदिर हसौद क्षेत्र के धमनी, गुजरा, गनौद, रींवा, टेकारी, नारा, डिघारी और खौली सहित कई गांवों को शामिल किया गया है। प्रभावित जमीन मालिकों से निर्धारित समय सीमा के भीतर दावा और आपत्ति प्रस्तुत करने को कहा गया है।
पीएम मोदी ने 2025 में दी थी मंजूरी
इस महत्वाकांक्षी रेल परियोजना को केंद्र सरकार ने प्राथमिकता वाली योजनाओं में शामिल किया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अप्रैल 2025 में देश की चार मल्टी ट्रैकिंग रेलवे परियोजनाओं को मंजूरी दी थी, जिनमें नवा रायपुर-खरसिया-परमालकसा रेल परियोजना भी शामिल थी।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, परियोजना पूरी होने के बाद रायपुर और आसपास के औद्योगिक क्षेत्रों के लिए माल परिवहन का नया विकल्प तैयार होगा। इससे बलौदाबाजार और आसपास स्थित सीमेंट प्लांट, स्टील यूनिट और अन्य उद्योगों को भी सीधा लाभ मिलेगा।
पांचवीं और छठवीं लाइन के रूप में होगा विकास
रेलवे अधिकारियों ने बताया कि इस परियोजना को दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे नेटवर्क में पांचवीं और छठवीं लाइन के रूप में विकसित किया जाएगा। इससे वर्तमान व्यस्त रेल नेटवर्क पर दबाव कम होगा और नई राजधानी क्षेत्र की रेल कनेक्टिविटी पहले से अधिक मजबूत हो सकेगी।
राजिम रेल कॉरिडोर योजना पर भी जारी है काम
फिलहाल नवा रायपुर को राजिम रेल कॉरिडोर से जोड़ने की योजना पर भी काम चल रहा है। वहीं रायगढ़ दिशा में नई रेल लाइन बनने से राजधानी क्षेत्र के विस्तार और औद्योगिक विकास को भी रफ्तार मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।