

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

CG News: O.P. Choudhary holds virtual meeting on preparations for ‘Seva Sankalp Abhiyan’; campaign to launch on September 17.
रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 25 वर्षों की जनसेवा, नेतृत्व एवं समर्पण के प्रति आभार व्यक्त करने और विकसित भारत-2047 के सामूहिक संकल्प को जनभागीदारी का स्वरूप देने के उद्देश्य से 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ आयोजित किया जाएगा। अभियान की तैयारियों को लेकर वित्त मंत्री एवं विभिन्न जिलों के प्रभारी मंत्री ओ.पी. चौधरी ने बुधवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सरगुजा, जशपुर, जांजगीर-चांपा, रायगढ़ और सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिलों की प्रशासनिक बैठक ली।
बैठक में वित्त मंत्री ने अभियान की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने नोडल एवं सहायक नोडल अधिकारियों की नियुक्ति, विभागीय दायित्व, प्रस्तावित गतिविधियों और कार्ययोजना की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को सभी कार्यक्रमों का बेहतर विभागीय समन्वय के साथ समयबद्ध और प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मंत्री चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 25 वर्षों की यात्रा केवल वर्षों का आंकड़ा नहीं, बल्कि जनसेवा, नेतृत्व और भारत की क्षमता में विश्वास की यात्रा है। उन्होंने कहा कि अभियान के माध्यम से इस यात्रा के प्रति जन-आभार व्यक्त करने के साथ विकसित भारत-2047 के संकल्प को जनभागीदारी के माध्यम से आगे बढ़ाया जाएगा।

वित्त मंत्री ने निर्देश दिए कि अभियान की गतिविधियां ग्राम, वार्ड, विकासखंड और जिला स्तर पर व्यापक जनभागीदारी के साथ आयोजित की जाएं। जनप्रतिनिधियों के साथ स्वयंसेवी संगठनों, शैक्षणिक संस्थाओं, स्व-सहायता समूहों, युवाओं, महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों को भी अभियान से जोड़ा जाए।
अभियान की शुरुआत 17 सितंबर की शाम ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम से होगी। इसके तहत प्रत्येक परिवार को दीप प्रज्वलन से जोड़ने की पहल की जाएगी। प्रत्येक दीप को 25 वर्षों की जनसेवा के प्रति आभार और विकसित भारत-2047 के संकल्प का प्रतीक बनाया जाएगा। मैदानी टीमें घर-घर पहुंचकर नागरिकों को इस पहल में सहभागी बनने के लिए प्रेरित करेंगी।
17 सितंबर से 7 अक्टूबर तक शासकीय एवं निजी विद्यालयों में ‘25 करोड़ बच्चों के सपनों का भारत’ पहल के तहत ड्राइंग और भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। इनमें विकसित भारत की संकल्पना और 25 वर्षों की सेवा यात्रा को विषय बनाया जाएगा। बच्चों की रचनाओं की प्रदर्शनी लगाई जाएगी और उत्कृष्ट प्रतिभागियों को सम्मानित किया जाएगा।
‘नमो सेवा गाथा’ के अंतर्गत 17 सितंबर से नुक्कड़ नाटकों का आयोजन किया जाएगा। 2 अक्टूबर को देश के 100 प्रमुख स्थलों पर विशेष मंचन प्रस्तावित है। इन प्रस्तुतियों के माध्यम से जनकल्याणकारी योजनाओं और उनसे हुए सकारात्मक बदलाव की कहानियां आमजन तक पहुंचाई जाएंगी।
25 सितंबर से 7 अक्टूबर तक आंगनबाड़ी केंद्रों में ‘आंगन का उत्सव’ आयोजित किया जाएगा। इसमें माताओं और बच्चों की सहभागिता के साथ आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का सम्मान होगा। पोषण, मातृ सहायता, टीकाकरण तथा महिला एवं बाल कल्याण योजनाओं की जानकारी भी दी जाएगी। योजनाओं से लाभान्वित महिलाएं अपने अनुभव साझा करेंगी।

अभियान के दौरान ‘कहानी बदलाव की’ पहल के तहत सरकारी योजनाओं से लाभान्वित लोगों की वास्तविक सफलता की कहानियां संकलित की जाएंगी। इसमें हितग्राही का नाम, स्थान, जिला, संबंधित योजना और जीवन में आए बदलाव की जानकारी दर्ज की जाएगी। इन कहानियों का डिजिटल डेटा बैंक भी तैयार किया जाएगा।
25 वर्षों की सेवा के प्रति आभार और विकसित भारत-2047 के संकल्प को मजबूत करने के लिए गांव, जिला और राज्य स्तर पर जनभागीदारी यात्राएं आयोजित की जाएंगी। ‘सेवा ज्योति यात्रा’ को व्यापक जनसहभागिता के साथ आयोजित करने की रूपरेखा तैयार की गई है। इसका आयोजन 7 अक्टूबर को प्रस्तावित है।
17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा मेरा योगदान’ पहल के तहत नागरिकों और विभिन्न संस्थाओं को सेवा गतिविधियों से जोड़ा जाएगा। नदी-घाट स्वच्छता सहित विभिन्न सेवा कार्य अभियान का हिस्सा होंगे। इसमें जनप्रतिनिधियों, स्वयंसेवी संगठनों, शैक्षणिक संस्थाओं, स्व-सहायता समूहों, युवाओं, महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों और आम नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी।
‘सेवा सेतु अभियान-सरकार आपके द्वार’ के तहत विधानसभा और विकासखंड स्तर पर शिविर आयोजित किए जाएंगे। शिविरों में स्थानीय जनप्रतिनिधियों की सहभागिता भी रहेगी। पात्र नागरिकों को विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी देने, उन्हें योजनाओं से जोड़ने और आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने पर विशेष जोर रहेगा।

अभियान के दौरान ‘विकसित भारत संकल्प यात्रा’, ‘सेवा ज्योति यात्रा’, ‘जल जन सेवा संकल्प’, ‘रंगोली राष्ट्र/भारत मंडल’, ‘राष्ट्रीय इनोवेशन चैलेंज’ और ‘जनसेवक महाकुंभ-पंचायत से पार्लियामेंट’ जैसी गतिविधियां भी प्रस्तावित हैं।
‘विकसित भारत संकल्प यात्रा’ के तहत परिवर्तनकारी स्थलों का भ्रमण और ‘सेवा ज्योति यात्रा’ का आयोजन 7 अक्टूबर को प्रस्तावित है। इन विविध गतिविधियों के माध्यम से ‘सेवा संकल्प अभियान’ को व्यापक जनआंदोलन का स्वरूप देने की तैयारी है।
बैठक में संबंधित जिलों के कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी तथा विभिन्न विभागों के नोडल अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े रहे।