

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Chhattisgarh: On-duty worker dies at Bhilai Steel Plant, suspected of heart attack
भिलाई। स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (SAIL) के भिलाई स्टील प्लांट में एक मजदूर की ड्यूटी के दौरान मौत हो जाने से हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान 42 वर्षीय बृजेश कुमार के रूप में हुई है, जो एसएमएस-3 (स्टील मेल्टिंग शॉप) में कार्यरत थे। घटना के बाद परिवार और सहकर्मियों में शोक का माहौल है।
ड्यूटी के दौरान बिगड़ी तबीयत
बताया जा रहा है कि बृजेश कुमार की तबीयत मंगलवार रात ड्यूटी के दौरान अचानक खराब हो गई। उन्होंने बेचैनी की शिकायत की, जिसके बाद उन्हें आराम करने की सलाह दी गई। हालांकि कुछ देर बाद उनकी स्थिति और बिगड़ने लगी।
अस्पताल ले जाते समय गिर पड़े
सहकर्मी उन्हें तत्काल बाइक से अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही वह अचानक गिर पड़े। इसके बाद उन्हें आनन-फानन में प्लांट के मेन मेडिकल पोस्ट ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
हार्ट अटैक की जताई जा रही आशंका
प्राथमिक तौर पर मजदूर की मौत का कारण हार्ट अटैक माना जा रहा है, हालांकि वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगी। फिलहाल शव को सेक्टर-9 अस्पताल की मोर्चरी में रखा गया है।
परिवार में पसरा मातम
मृतक बृजेश कुमार जुनवानी क्षेत्र के निवासी थे और इलेक्ट्रिकल कार्य से जुड़े थे। उनके परिवार में बुजुर्ग पिता की तबीयत पहले से ही खराब बताई जा रही है। अचानक हुई इस घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
पोस्टमार्टम के बाद आगे की कार्रवाई
प्रबंधन की ओर से मामले की औपचारिक प्रक्रिया जारी है। संभावना है कि बुधवार को पोस्टमार्टम किया जाएगा, जिसके बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा।