

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

One pavilion, two brides: Tribal community angry over unique wedding in Kondagaon
रायपुर। छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले के फरसगांव ब्लॉक स्थित बैलगांव में एक अनोखा और विवादित विवाह सामने आया है, जहां एक युवक ने एक ही मंडप में दो युवतियों से शादी कर ली। इस शादी का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद मामला चर्चा और विवाद का विषय बन गया है।
जानकारी के मुताबिक, बैलगांव निवासी हितेश यादव ने शंकरपुर की फुलबती और बनियागांव की यामिनी के साथ एक ही मंडप में विवाह किया। वायरल वीडियो में युवक दोनों दुल्हनों का हाथ पकड़कर अग्नि के फेरे लेते नजर आ रहा है, वहीं समारोह में शामिल लोग जश्न मनाते और नाचते दिखाई दे रहे हैं।
बताया गया कि यह विवाह पूरी पारंपरिक विधि-विधान के साथ संपन्न हुआ। 23 मार्च 2026 को मंडपाच्छादन और हल्दी की रस्में निभाई गईं, जबकि 24 मार्च को पाणिग्रहण, लग्न और आशीर्वाद समारोह आयोजित किए गए। ग्रामीणों के अनुसार, इस शादी में तीनों परिवारों की सहमति और समाज के कुछ बुजुर्गों का आशीर्वाद भी शामिल था, ताकि भविष्य में विवाद की स्थिति न बने।
दूल्हे हितेश यादव के मुताबिक, उसने पहले एक युवती को प्रपोज किया था, जिसने मना कर दिया था। इसके बाद दूसरी युवती ने प्रस्ताव स्वीकार कर लिया। बाद में पहली युवती भी शादी के लिए तैयार हो गई, जिसके चलते हालात ऐसे बने कि दोनों से एक साथ विवाह किया गया।
हालांकि, इस विवाह को लेकर सर्व आदिवासी समाज ने कड़ी नाराजगी जताई है। समाज के अध्यक्ष ईश्वर कोर्राम ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा कि इस तरह की शादी उनकी परंपराओं और सामाजिक मर्यादाओं के खिलाफ है और समाज इसका समर्थन नहीं करता।
समाज के प्रतिनिधियों ने आरोप लगाया कि युवक ने दोनों युवतियों को बहला-फुसलाकर शादी की है। उन्होंने प्रशासन से इस मामले की उच्च स्तरीय जांच कराने और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
आदिवासी समाज ने चेतावनी दी है कि यदि प्रशासन समय रहते उचित कदम नहीं उठाता है, तो वे आंदोलन का रास्ता अपनाने को मजबूर होंगे।
इस मामले ने कानूनी बहस भी छेड़ दी है। हिंदू विवाह अधिनियम के तहत एक व्यक्ति एक समय में दो विवाह नहीं कर सकता, जब तक कि पहली शादी विधिवत समाप्त (तलाक) न हो। हालांकि, कुछ आदिवासी समुदायों में बहुविवाह की परंपरा देखने को मिलती रही है, जिससे यह मामला और जटिल हो गया है।