

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

PM Shri Air Ambulance Service launched in Madhya Pradesh
उज्जैन। मध्य प्रदेश में अब आम लोगों को एयर एम्बुलेंस सेवा की सुविधा मिलेगी। सीएम डॉ मोहन यादव ने शनिवार को उज्जैन में पीएम श्री एयर एम्बुलेंस सेवा का शुभारंभ किया। इसके तहत एक हेली-एम्बुलेंस और एक फिक्स्ड विंग कन्वर्टेड फ्लाइंग आईसीयू विमान प्रदेश के सभी जिलों और प्रशासनिक प्रभागों के नागरिकों की सेवा में तैनात रहेंगे। इस हेलीकॉप्टर और विमान में उच्च प्रशिक्षित डॉक्टरों और पैरामेडिक्स की एक टीम होगी।
मुख्यमंत्री डॉ यादव ने एयर एम्बुलेंस सेवा शुरू करने की जानकारी सोशल मीडिया में दिया है। उन्होंने लिखा कि, मध्यप्रदेश की बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं में नया अध्याय जोड़ते हुए आज 'रीजनल इंडस्ट्री कॉन्क्लेव' में 'पीएम श्री एयर एंबुलेंस सेवा' का शुभारंभ केंद्रीय विधि एवं न्याय राज्यमंत्री अर्जुन मेघवाल के साथ सिंगल क्लिक के माध्यम से किया। मुझे विश्वास है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा से प्रारंभ हुई यह एयर एंबुलेंस सेवा समस्त प्रदेशवासियों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के संकल्प की सिद्धि की दिशा में एक सार्थक कदम साबित होगी।

प्रदेश में चिकित्सा आपात स्थिति उत्पन्न होने या विशेष प्रकार की चिकित्सा सुविधा तथा चिकित्सा विशेषज्ञों की आवश्यकता निर्मित होने पर सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। जैसे- कठिन भौगोलिक परिस्थितियों में प्रदेश के दूरस्थ अंचलों तक एंबुलेंस आसानी नहीं पहुंच पाती। ऐसी परिस्थिति में उन्नत आपातकालीन चिकित्सा द्वारा मरीज़ों की स्थिति को स्थिर कर उच्च चिकित्सा केंद्रों पर एयरलिफ़्ट करेगी।
बता दें कि मुख्यमंत्री एयर एम्बुलेंस सेवा में प्रयुक्त हेलीकॉप्टर का संचालन दिन के समय होगा। वहीं यह भोपाल स्थित कमांड सेंटर से संचालित मुख्यमंत्री एयर एम्बुलेंस सेवा प्रदेश के सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों व जिला अस्पतालों से जुड़ी होगी।
एयर एम्बुलेंस आयुष्मान भारत योजना के तहत रोगियों के लिए चिकित्सा विशेषज्ञों को दूरदराज के स्थानों पर पहुंचाएंगी। साथ ही आवश्यकता पड़ने पर रोगियों को दिल्ली, मुंबई, चेन्नई या हैदराबाद के उच्च चिकित्सा केंद्रों पर हवाई मार्ग से ले जाएगी।