

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

‘People’s Impeachment’: The INDIA bloc will present a ‘people’s impeachment’ against CEC Gyanesh Kumar today; Kharge will move the motion, and Rahul Gandhi will deliver the concluding speech.
नई दिल्ली। मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ इंडिया गठबंधन शुक्रवार को ‘जन महाभियोग’ कार्यक्रम आयोजित करने जा रहा है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे इस दौरान ज्ञानेश कुमार के खिलाफ महाभियोग प्रस्ताव पेश करेंगे, जबकि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी समापन भाषण देंगे। लोकसभा की पूर्व अध्यक्ष मीरा कुमार कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगी। यह पूरी कार्यवाही संसद की तर्ज पर आयोजित एक सांकेतिक मॉक संसद होगी।
विपक्ष का यह कार्यक्रम 1 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में प्रस्तावित ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ रैली से पहले आयोजित किया जा रहा है। इंडिया गठबंधन विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) और चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली का विरोध कर रहा है। विपक्ष की मांग है कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार अपने पद से इस्तीफा दें।
कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश के मुताबिक, पहले यह कार्यक्रम अलग-अलग स्थानों पर आयोजित करने की योजना थी, लेकिन कई जगहों पर अनुमति नहीं मिलने के कारण इसे कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के आवास 10, राजाजी मार्ग पर आयोजित करने का फैसला लिया गया। कार्यक्रम शुक्रवार दोपहर 3:30 बजे शुरू होगा।
कार्यक्रम की शुरुआत में खरगे मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ ‘जन महाभियोग प्रस्ताव’ पेश करेंगे। इसके बाद इंडिया गठबंधन में शामिल विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि प्रस्ताव पर अपनी बात रखेंगे। अंत में राहुल गांधी समापन भाषण देंगे।
दरअसल, SIR को लेकर विपक्ष और चुनाव आयोग के बीच लगातार विवाद बना हुआ है। इंडिया गठबंधन के नेता पिछले एक महीने से मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। विपक्ष चुनाव प्रक्रिया और चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग कर रहा है।
विपक्ष अब इस मुद्दे को जनता के बीच ले जाने की तैयारी में है। इसी कड़ी में संसद में महाभियोग की संभावित पहल से पहले प्रतीकात्मक रूप से ‘जन महाभियोग’ आयोजित किया जा रहा है।
इधर, चैंबर ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री (CTI) ने 1 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में होने वाली विपक्ष की रैली को स्थगित करने की अपील की है। संगठन ने कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी को पत्र लिखकर रैली की तारीख बदलने का अनुरोध किया है।
CTI इससे पहले राहुल गांधी को भी तीन बार पत्र लिख चुका है। संगठन का कहना है कि रैली के कारण दिल्ली के करीब 20 बाजारों में व्यापार प्रभावित हो सकता है। अनुमान के मुताबिक, इससे 10,000 से 12,000 करोड़ रुपये के कारोबार पर असर पड़ने की आशंका है।
CTI ने रैली के दौरान भारी भीड़ और ट्रैफिक जाम की आशंका जताई है। संगठन ने सुझाव दिया है कि रैली को दिवाली के बाद आयोजित किया जाए या फिर इसके लिए बुराड़ी ग्राउंड को वैकल्पिक स्थल के रूप में चुना जाए।
विपक्ष की 1 नवंबर को प्रस्तावित ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ रैली से ठीक पहले रामलीला मैदान में बारिश के कारण पानी भर गया है। ऐसे में रैली की तैयारियों को लेकर भी चुनौतियां सामने आ रही हैं।