

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Uttarakhand Helicopter Crash: Helicopter en route from Badrinath to Phata crashes; 6 people were on board; rescue operation underway.
नई दिल्ली। उत्तराखंड के चमोली जिले में बदरीनाथ धाम से फाटा जा रहा एक हेलिकॉप्टर क्रैश होने की सूचना सामने आई है। हादसा जोशीमठ के पास हाथी पहाड़ के पीछे चायी गांव के इलाके में होने की आशंका जताई जा रही है। हेलिकॉप्टर का मलबा अब तक नहीं मिला है। स्थानीय प्रशासन, आपदा प्रबंधन विभाग और बचाव दल सर्च एंड रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटे हुए हैं।
जानकारी के मुताबिक, हादसे का शिकार हुआ हेलिकॉप्टर ट्रांस भारत कंपनी का बताया जा रहा है। हेलिकॉप्टर की लोकेशन अचानक गायब होने के बाद उसकी तलाश शुरू की गई। सर्च ऑपरेशन में दो अन्य हेलिकॉप्टर भी लगाए गए हैं, लेकिन खराब मौसम के कारण अब तक उसकी सटीक लोकेशन का पता नहीं चल पाया है।
पैसेंजर मैनिफेस्ट के मुताबिक, हेलिकॉप्टर में कुल छह लोग सवार थे। इनमें पांच यात्री चंद्रकांत, राजश्री, दिनेश, आकाश और अथर्व शामिल हैं। वहीं, हेलिकॉप्टर के पायलट की पहचान हिमांशु के रूप में बताई जा रही है। फिलहाल सभी की स्थिति को लेकर आधिकारिक जानकारी सामने आने का इंतजार है।
हादसे की सूचना वाले इलाके में लगातार बारिश हो रही है और घने बादल छाए हुए हैं। इसके चलते दृश्यता काफी कम हो गई है। खराब मौसम की वजह से बचाव दल को हेलिकॉप्टर की लोकेशन तलाशने में मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। टीमें बदरीनाथ और जोशीमठ के बीच के इलाके में खोज अभियान चला रही हैं।
जोशीमठ के एसडीएम चंद्रशेखर वशिष्ठ ने बताया कि हेलिकॉप्टर क्रैश होने की सूचना मिली है, जिसकी पुष्टि कराई जा रही है। इलाके में कुछ संदिग्ध चीजें दिखाई देने के बाद दुर्घटना की आशंका जताई गई है। उन्होंने बताया कि आर्मी, एसडीआरएफ, पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीमें मौके पर पहुंच रही हैं। घटनास्थल से जानकारी मिलने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जोशीमठ के पास चायी गांव में हेलिकॉप्टर क्रैश होने की सूचना पर चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन, आपदा प्रबंधन विभाग और एसडीआरएफ की टीमें संयुक्त रूप से रेस्क्यू ऑपरेशन चला रही हैं। मुख्यमंत्री ने पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए रखने की बात कही है।
सीएम धामी ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि गंभीर रूप से घायल लोगों को तत्काल एयरलिफ्ट कर बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर पहुंचाया जाए। उन्होंने हेलिकॉप्टर में सवार सभी यात्रियों के सकुशल होने की कामना भी की है।