

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

People in Raipur reel under sultry conditions; rainfall activity to intensify across Chhattisgarh starting tomorrow.
रायपुर। राजधानी रायपुर सहित प्रदेश के कई हिस्सों में बीते दो दिनों से भीषण गर्मी और उमस ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। हालांकि मौसम विभाग ने राहत की संभावना जताते हुए कहा है कि 27 जून से पूरे प्रदेश में वर्षा की गतिविधियां तेज होंगी। अगले तीन से चार दिनों के भीतर दक्षिण-पश्चिम मानसून के छत्तीसगढ़ के शेष हिस्सों में भी आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल बन रही हैं।
मौसम विभाग के अनुसार, पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के एक-दो स्थानों पर मेघगर्जन, वज्रपात और हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। सबसे अधिक 3-3 सेंटीमीटर वर्षा कुसमी, बस्तर और बकावंड में रिकॉर्ड की गई, जबकि बलरामपुर और गीदम में 2-2 सेंटीमीटर बारिश हुई।
राजधानी रायपुर में शुक्रवार को आसमान आंशिक रूप से मेघाच्छादित रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवा चलने का अनुमान जताया है। शहर में अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।
मौसम विभाग के मुताबिक, दक्षिण-पश्चिम मानसून की उत्तरी सीमा फिलहाल सूरत, इंदौर, मंडला, डाल्टनगंज और मोतिहारी तक पहुंच चुकी है। प्रदेश के शेष भागों में अगले तीन से चार दिनों के भीतर मानसून के प्रवेश की संभावना है।
प्रदेश में बारिश की गतिविधियों को बढ़ाने के लिए कई मौसमी सिस्टम सक्रिय हैं। उत्तर राजस्थान से बिहार तक एक मौसमी द्रोणिका बनी हुई है। वहीं, उत्तर-पूर्व और पूर्व-मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर 4.5 से 7.6 किलोमीटर की ऊंचाई तक ऊपरी हवा का चक्रीय परिसंचरण सक्रिय है। इसके अलावा दक्षिण-पूर्व मध्य प्रदेश के ऊपर भी 3.1 से 5.8 किलोमीटर की ऊंचाई तक चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है, जिससे आगामी दिनों में वर्षा की गतिविधियों में तेजी आने की संभावना है।
मौसम विभाग ने 26 जून को प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश तथा गरज-चमक के साथ छींटे पड़ने की संभावना जताई है। विशेषज्ञों का कहना है कि मानसून के सक्रिय होते ही गर्मी और उमस से लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है।