

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Portals of Kedarnath and Yamunotri shrines closed for the winter season
केदारनाथ और यमुनोत्री धाम के कपाट भैयादूज पर्व पर बुधवार सुबह वैदिक मंत्रोच्चार एवं धार्मिक परंपराओं के अनुसार शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए। केदारनाथ धाम के कपाट सुबह 8.30 बजे बंद किए गए। पांच हजार से अधिक श्रद्धालु इस कपाटबंदी के साक्षी बने। कपाट बंद होने की प्रक्रिया सुबह पांच बजे से विशेष पूजा-अर्चना के साथ शुरू हुई। कपाटबंदी के बाद बाबा केदार की पंचमुखी उत्सव डोली सेना के बैंड की धुन पर शीतकालीन प्रवास ऊखीमठ के ओंकारेश्वर मंदिर के लिए रवाना हुई। 13 नवंबर को बाबा केदार ओंकारेश्वर मंदिर में विराजमान होंगे। श्रद्धालु अगले छह माह बाबा केदार के दर्शन ओंकारेश्वर मंदिर में ही कर पाएंगे।
इसके साथ-साथ उत्तरकाशी स्थित यमुनोत्री धाम के कपाट भी सुबह 10.28 बजे पूजा-अर्चना के साथ शीतकाल के लिए बंद किए गए। इसके बाद मां यमुना की डोली खरसाली यानि खुशीमठ के लिए रवाना हुई। शीतकाल में मां यमुना के दर्शन नहीं हो पाएंगे।
आपको बता दें, कि 22 अप्रैल से शुरू हुई केदारनाथ धाम की यात्रा में इस बार साढ़े 19 लाख से अधिक श्रद्धालु पहुंचे। यह आंकड़ा पिछले वर्ष की तुलना में करीब डेढ़ लाख अधिक है। जबकि यमुनोत्री धाम में आठ लाख 84 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने दर्शन किए। गंगोत्री धाम के कपाट मंगलवार को बंद हुए थे। इसके बाद अब बदरीनाथ धाम के कपाट 16 नवंबर को बंद किए जाएंगे।