

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार
.jpg&w=3840&q=75)
Pre-board exam dates finalised, to be held from January 19 to 24
रायपुर : जिले में प्री-बोर्ड परीक्षाओं को लेकर लंबे समय से बनी असमंजस की स्थिति पर आखिरकार विराम लग गया है। जिला शिक्षा कार्यालय ने जिले के सभी शासकीय और अशासकीय स्कूलों में प्री-बोर्ड परीक्षाएं 19 से 24 जनवरी के बीच आयोजित करने के स्पष्ट निर्देश जारी कर दिए हैं। इससे स्कूलों को परीक्षा आयोजन को लेकर स्पष्ट दिशा मिल गई है।
दरअसल, माध्यमिक शिक्षा मंडल और लोक शिक्षण संचालनालय (डीपीआइ) के अलग-अलग आदेशों के कारण कई स्कूलों में एक ही दिन प्रायोगिक परीक्षा और प्री-बोर्ड परीक्षा कराने की स्थिति बन रही थी। इस टकराव से शिक्षकों और विद्यार्थियों पर अतिरिक्त दबाव बढ़ गया था, वहीं स्कूल प्रबंधन भी असमंजस में थे।
जिला शिक्षा अधिकारी हिमांशु भारती ने बताया कि प्रायोगिक परीक्षाओं के बाद ही प्री-बोर्ड परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी। सभी स्कूलों को 24 जनवरी तक प्री-बोर्ड परीक्षा पूर्ण करानी होगी। इसके बाद एक सप्ताह के भीतर ओवरऑल रिजल्ट तैयार कर 30 जनवरी तक डीपीआइ कार्यालय को भेजना अनिवार्य होगा।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि जिस दिन परीक्षा आयोजित हो, उसी दिन उत्तरपुस्तिकाओं का मूल्यांकन कर लिया जाए, हालांकि यह बाध्यकारी नहीं है। शिक्षक अपनी सुविधा और समयानुसार कॉपियों की जांच कर सकते हैं।
गौरतलब है कि माध्यमिक शिक्षा मंडल ने 1 से 20 जनवरी के बीच प्रायोगिक परीक्षाएं लेकर अंक भेजने के निर्देश दिए थे, जबकि डीपीआइ ने 20 जनवरी तक प्री-बोर्ड परीक्षाएं कराने का आदेश जारी किया था। इन दोनों आदेशों की वजह से कई स्कूलों में एक ही दिन दो परीक्षाएं लेने की नौबत आ गई थी।
इसके अलावा नए साल के चलते अधिकांश स्कूलों में प्रायोगिक परीक्षाएं 5 जनवरी से शुरू हो सकीं। बोर्ड परीक्षाओं के लिए अन्य स्कूलों से आने वाले शिक्षकों (पर्यवेक्षकों) की उपलब्धता भी एक बड़ी समस्या बनी रही। जिला शिक्षा कार्यालय के हस्तक्षेप के बाद अब स्थिति स्पष्ट हो गई है, जिससे स्कूलों, शिक्षकों और विद्यार्थियों को बड़ी राहत मिली है।