

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Provision for 5% marks relaxation for reserved categories in assistant teacher recruitment must be implemented: High Court
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ में सहायक शिक्षक भर्ती को लेकर हाई कोर्ट में दायर याचिका पर सुनवाई के दौरान आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों को न्यूनतम शैक्षणिक अंकों में पांच प्रतिशत छूट देने के प्रावधान पर महत्वपूर्ण टिप्पणी की गई है। न्यायमूर्ति बिभु दत्त गुरु ने स्पष्ट किया कि भर्ती प्रक्रिया में हाई कोर्ट के पूर्व निर्णयों और राष्ट्रीय अध्यापक शिक्षा परिषद (एनसीटीई) की अधिसूचना के अनुरूप कार्रवाई की जानी चाहिए।
क्या है पूरा मामला
बिलासपुर जिले की मस्तूरी तहसील निवासी पुष्पा देवी ने 28 जुलाई 2026 को जारी सहायक शिक्षक भर्ती विज्ञापन को चुनौती देते हुए हाई कोर्ट में याचिका दायर की थी। उनका कहना था कि विज्ञापन में अनुसूचित जाति (एससी), अनुसूचित जनजाति (एसटी) और अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) के अभ्यर्थियों को न्यूनतम शैक्षणिक अंकों में पांच प्रतिशत की छूट देने का स्पष्ट उल्लेख नहीं किया गया है।याचिकाकर्ता ने यह भी बताया कि ऑनलाइन आवेदन पोर्टल पर इस छूट का लाभ लेने के लिए कोई विकल्प उपलब्ध नहीं था। इससे आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को आवेदन प्रक्रिया में परेशानी होने की आशंका थी।
याचिकाकर्ता की ओर से दलील दी गई कि हाई कोर्ट की खंडपीठ ने 10 फरवरी 2023 को दिए गए फैसले में आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों को न्यूनतम शैक्षणिक अंकों में पांच प्रतिशत की छूट का पात्र माना था। इसके अलावा एनसीटीई की 29 जुलाई 2011 की अधिसूचना में भी इस तरह की रियायत का प्रावधान होने का हवाला दिया गया।याचिका में यह भी उल्लेख किया गया कि वर्ष 2019 की भर्ती प्रक्रिया में राज्य सरकार ने 2 सितंबर 2025 के आदेश के तहत यह छूट लागू की थी। ऐसे में 2026 के भर्ती विज्ञापन में इसका स्पष्ट उल्लेख नहीं होने पर सवाल उठाए गए।
राज्य शासन की ओर से अदालत में कहा गया कि भर्ती विज्ञापन में पहले ही स्पष्ट किया गया है कि अभ्यर्थियों की पात्रता निर्धारित करते समय न्यायालय के आदेशों और संबंधित नियमों का पालन किया जाएगा। सरकार का पक्ष था कि इस आधार पर भर्ती एजेंसी द्वारा नियमों की अनदेखी किए जाने की आशंका जताना अभी उचित नहीं है।
मामले की सुनवाई के बाद न्यायमूर्ति बिभु दत्त गुरु ने कहा कि जब भर्ती विज्ञापन में ही न्यायालय के फैसलों और एनसीटीई की अधिसूचना का पालन करने की बात कही गई है, तो भर्ती एजेंसी के लिए इन प्रावधानों का अनुपालन करना जरूरी है।हालांकि, अदालत ने माना कि इस स्तर पर नियमों के उल्लंघन या अधिकारों के हनन का कोई ठोस मामला सामने नहीं आया है। इसी आधार पर याचिका को समयपूर्व मानते हुए खारिज कर दिया गया।
हाई कोर्ट ने याचिकाकर्ता पुष्पा देवी को यह स्वतंत्रता दी है कि यदि भर्ती प्रक्रिया के दौरान संबंधित नियमों और न्यायालय के निर्देशों का पालन नहीं किया जाता है, तो वह दोबारा अदालत का रुख कर सकती हैं।इस आदेश का अर्थ यह है कि याचिका खारिज होने के बावजूद भर्ती एजेंसी को लागू नियमों और पूर्व न्यायिक निर्देशों का पालन करना होगा। अदालत ने फिलहाल भर्ती प्रक्रिया में वास्तविक उल्लंघन सामने आने से पहले हस्तक्षेप करने से परहेज किया है।