

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Rain likely in Chhattisgarh over the next 4 days; warning issued for thunderstorms and lightning in several districts.
रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसूनी गतिविधियां लगातार सक्रिय बनी हुई हैं। प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी है, जबकि कुछ क्षेत्रों में आसमान में बादल छाए हुए हैं। मौसम विभाग ने अगले चार दिनों तक पूरे प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है। वहीं, उत्तर छत्तीसगढ़ के एक-दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ वज्रपात होने की भी आशंका है।
मौसम विभाग के अनुसार, बुधवार को प्रदेश के अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा दर्ज की गई। इस दौरान रायपुर में अधिकतम तापमान 32.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान पेंड्रा रोड में 22.0 डिग्री सेल्सियस रहा। विभाग के मुताबिक, अब तक प्रदेश में हुई कुल मौसमी वर्षा सामान्य से 17 प्रतिशत कम दर्ज की गई है।
मौसम विभाग ने गुरुवार को रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर, कोरिया, कोरबा, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, जशपुर, रायगढ़, जांजगीर-चांपा, मुंगेली, कबीरधाम, बेमेतरा, राजनांदगांव और कांकेर जिलों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है। कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ तेज बारिश भी हो सकती है।
राजधानी रायपुर में गुरुवार को दिनभर आसमान में बादल छाए रहने का अनुमान है। मौसम विभाग ने गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना व्यक्त की है। शहर का अधिकतम तापमान करीब 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, उत्तर-पश्चिम मध्य प्रदेश और उससे सटे दक्षिण-पश्चिम उत्तर प्रदेश के ऊपर बना निम्न दबाव का क्षेत्र अभी भी सक्रिय है। इससे जुड़ा चक्रवाती परिसंचरण समुद्र तल से लगभग 9.6 किलोमीटर की ऊंचाई तक फैला हुआ है और आने वाले समय में इसकी दिशा बदलने की संभावना है।
इसके अलावा, समुद्र तल पर सक्रिय मौसमी द्रोणिका उत्तर-पश्चिम राजस्थान से उत्तर-पूर्व बांग्लादेश तक फैली हुई है। वहीं, उत्तर-पूर्व अरब सागर से सिक्किम तक एक अन्य द्रोणिका भी सक्रिय है, जो बिहार सहित कई राज्यों से होकर गुजर रही है। इन मौसम प्रणालियों के संयुक्त प्रभाव से छत्तीसगढ़ में अगले कुछ दिनों तक बारिश की गतिविधियां बनी रहने की संभावना है।
मौसम विभाग ने विशेष रूप से उत्तर छत्तीसगढ़ के लोगों को गरज-चमक और वज्रपात के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी है। खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों में जाने से बचने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की गई है।