

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Raipur Airport's winter schedule released; timing for the first flight to Delhi changed, and flights to Ambikapur launched.
रायपुर स्थित स्वामी विवेकानंद विमानतल से यात्रा करने वाले हवाई यात्रियों के लिए महत्वपूर्ण सूचना है। एयरपोर्ट प्रबंधन की ओर से नया विंटर शेड्यूल लागू कर दिया गया है, जिसमें कई उड़ानों के समय में बदलाव हुआ है और कुछ नए क्षेत्रीय रूट्स भी जोड़े गए हैं। 25 अक्टूबर से 27 मार्च की अवधि के लिए घोषित शेड्यूल के अनुसार, दिल्ली जाने वाली पहली फ्लाइट अब अपने पुराने समय से आधा घंटा पहले उड़ान भरेगी। विमानन कंपनी एयर इंडिया की उड़ानों के समय में संशोधन किया गया है। अब रायपुर से दिल्ली के लिए पहली फ्लाइट सुबह सात बजकर पचपन मिनट पर प्रस्थान करेगी, जो पहले आठ बजकर 25 मिनट पर जाती थी। यात्रियों को अब सुबह एयरपोर्ट पर जल्दी पहुंचना होगा। हालांकि, दिल्ली के लिए एयर इंडिया की आखिरी उड़ान के समय में कोई बदलाव नहीं हुआ है और यह अपने तय समय रात आठ बजकर 45 मिनट पर ही रवाना होगी। कंपनी की ओर से रायपुर और दिल्ली के बीच प्रतिदिन कुल तीन उड़ानों का संचालन पूर्ववत जारी रहेगा।
इसके अतिरिक्त बस्तर और सरगुजा संभाग को जोड़ने वाली उड़ानों के दिनों में भी फेरबदल हुआ है। इसके साथ ही अलायंस एयर ने अंबिकापुर के लिए नई विमान सेवा शुरू की है। क्षेत्रीय हवाई संपर्क को मजबूती देते हुए अलायंस एयर ने अपनी सेवाओं का विस्तार किया है। नए शेड्यूल के तहत रायपुर से अंबिकापुर के लिए नई उड़ान मंगलवार, गुरुवार और शनिवार को संचालित होगी। जगदलपुर के लिए भी सप्ताह में तीन दिन यानी मंगलवार, गुरुवार और शनिवार को नियमित विमान सेवा मिलेगी। वहीं मध्य प्रदेश के रीवा के लिए सोमवार, बुधवार और शुक्रवार को उड़ानें उपलब्ध रहेंगी। पूर्व में केवल रीवा और जगदलपुर ही जुड़े थे, लेकिन अब अंबिकापुर के जुड़ने से उत्तरी छत्तीसगढ़ के यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी।
आपको बता दें, कि निजी विमानन कंपनी इंडिगो रायपुर से प्रतिदिन औसतन 25 उड़ानों का संचालन कर रही है। इसके तहत दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु, हैदराबाद, अहमदाबाद, लखनऊ, कोलकाता, भुवनेश्वर, चेन्नई, गोवा, भोपाल, इंदौर, पुणे और नवी मुंबई जैसे पंद्रह प्रमुख शहरों के लिए सीधी सेवाएं जारी रहेंगी। नए शेड्यूल में इंडिगो की सर्वाधिक उड़ानों का संचालन बुधवार को देखने को मिलेगा। वहीं रायपुर एयरपोर्ट से इंडिगो की आखिरी प्रस्थान उड़ान अब रात दस बजे की जगह नौ बजकर 35 मिनट पर रवाना होगी।
उड़ानों के समय में हुए इन बदलावों को देखते हुए यात्रियों को सलाह दी गई है, कि वे अपनी यात्रा से पहले संबंधित एयरलाइंस की आधिकारिक वेबसाइट या मोबाइल ऐप पर अपनी टिकट और बोर्डिंग समय की पुष्टि अवश्य कर लें। विशेषकर सुबह दिल्ली जाने वाले मुसाफिर समय से पहले एयरपोर्ट पहुंचे, ताकि सुरक्षा जांच और बोर्डिंग प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।