

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Raipur Crime: Major crackdown on online betting during T20 World Cup final, 6 arrested
रायपुर। भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेले जा रहे टी-20 वर्ल्ड कप फाइनल मैच के दौरान रायपुर में ऑनलाइन सट्टेबाजी का बड़ा मामला सामने आया है। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट, तेलीबांधा थाना और डीडीनगर पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस को सूचना मिली थी कि तेलीबांधा क्षेत्र की गली नंबर-2 में कुछ लोग मोबाइल फोन के जरिए ऑनलाइन सट्टेबाजी का संचालन कर रहे हैं। साथ ही एक कार में बैठकर सट्टे की आईडी भी बांटी जा रही थी। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी और चार आरोपियों को रंगे हाथों पकड़ लिया।
मोबाइल और वेबसाइट के जरिए चल रहा था सट्टा
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान धरमू च्चों उर्फ धर्मेंद्र पोहानी, संजय तकटानी उर्फ सोनू, राहुल असलानी और अभय शर्मा उर्फ अब्बू के रूप में हुई है। जांच के दौरान उनके मोबाइल फोन से kingdombooks.com और jmdbet777.com वेबसाइट के माध्यम से सट्टा खिलाने की जानकारी मिली। पुलिस ने आरोपियों के पास से 8 मोबाइल फोन, 16 हजार रुपये नकद और एक क्रेटा कार समेत करीब 9.76 लाख रुपये का सामान जब्त किया है। साथ ही लाखों रुपये के सट्टे के लेन-देन का हिसाब भी बरामद हुआ है।
दूसरी कार्रवाई में दो और गिरफ्तार
इसी मामले में डीडीनगर पुलिस ने रायपुरा स्थित सत्यम विहार कॉलोनी में भी दबिश दी। यहां onebet9.com वेबसाइट के जरिए ऑनलाइन सट्टेबाजी चलाने वाले अनिल खत्री और लीला राम पहलाजानी को गिरफ्तार किया गया। उनके पास से 4 मोबाइल फोन और करीब 2 लाख रुपये के सट्टे का हिसाब मिला है।
2026 में अब तक कई बड़ी कार्रवाई
एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट ने वर्ष 2026 में अब तक ऑनलाइन सट्टे के 7 मामलों में कुल 28 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इन कार्रवाइयों में करीब 2.25 करोड़ रुपये का मशरूका जब्त किया जा चुका है।