

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Resumed the heroin trade immediately after being released from jail on bail.
रायपुर : राजधानी में ड्रग्स तस्करी के खिलाफ कार्रवाई के दौरान पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सिविल लाइन इलाके में रविवार रात की गई कार्रवाई में आरोपियों के कब्जे से 7 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। गिरफ्तार आरोपियों में दो ऐसे हैं जो करीब आठ महीने पहले भी ड्रग्स तस्करी के मामले में पकड़े जा चुके हैं। करीब दो महीने पहले जमानत पर जेल से बाहर आने के बाद दोनों फिर कथित तौर पर नशे के कारोबार में सक्रिय हो गए।पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ के आधार पर हेरोइन की सप्लाई चेन और दुर्ग से जुड़े तस्कर की जानकारी जुटा रही है।
दुर्ग से हेरोइन लेकर रायपुर लौटे थे आरोपी
पुलिस के अनुसार पंचशील नगर निवासी आयुष दुबे, बैजनाथपारा निवासी अदनान खान और अब्दुल रेहान आपस में दोस्त हैं। आयुष और अदनान के खिलाफ पहले भी अलग-अलग थाना क्षेत्रों में ड्रग्स तस्करी के मामले दर्ज हुए थे और दोनों को जेल भेजा गया था।पूछताछ में सामने आया कि दोनों रविवार सुबह दुर्ग पहुंचे थे। वहां से कथित तौर पर एक तस्कर से 7 ग्राम हेरोइन लेकर वे रायपुर लौटे। पुलिस के मुताबिक यह हेरोइन बेचने के लिए अब्दुल रेहान को दी गई थी। इसी दौरान पुलिस ने तीनों को पकड़ लिया।
पंजाब से आता है नशे का माल, दुर्ग के तस्कर की तलाश
जांच में पुलिस को एक बड़े सप्लाई नेटवर्क के संकेत मिले हैं। पुलिस के मुताबिक आयुष और अदनान दुर्ग के एक तस्कर के संपर्क में हैं। यह तस्कर पंजाब से हेरोइन मंगाता है और आगे दूसरे लोगों के जरिए इसकी सप्लाई कराता है।अब पुलिस का फोकस उस तस्कर तक पहुंचने पर है, जिसके जरिए आरोपियों को हेरोइन मिली थी। साथ ही पंजाब से रायपुर और दुर्ग तक पहुंच रहे नशे के नेटवर्क की भी जानकारी जुटाई जा रही है।
पहले पकड़े गए, जमानत मिली और फिर उसी धंधे में लौटे
इस मामले ने पुलिस के सामने एक बड़ी चुनौती भी उजागर की है। ड्रग्स तस्करी में पहले गिरफ्तार किए गए कई आरोपी जेल से बाहर आने के बाद दोबारा इसी अपराध में सक्रिय हो रहे हैं। आयुष और अदनान का मामला भी इसी कड़ी का हिस्सा बताया जा रहा है।पुलिस के मुताबिक दोनों करीब आठ महीने पहले तस्करी के मामले में पकड़े गए थे और लगभग दो महीने पहले जमानत पर बाहर आए। इसके बाद फिर से हेरोइन के कारोबार में सक्रिय होने की जानकारी सामने आई।
रायपुर में अब तक 250 से ज्यादा तस्करों पर कार्रवाई
रायपुर पुलिस कमिश्नरेट बनने के बाद नशे के खिलाफ अभियान में 250 से ज्यादा गांजा और ड्रग्स तस्करों को पकड़ा जा चुका है। कार्रवाई के दौरान 4 करोड़ रुपये से अधिक कीमत का नशे का सामान जब्त किए जाने की जानकारी पुलिस ने दी है।इसके बावजूद पुराने आरोपी दोबारा तस्करी में लौट रहे हैं। पुलिस के अनुसार गांजा तस्कर रवि साहू के खिलाफ 55 मामले दर्ज हैं और उसकी करीब 7 करोड़ रुपये की 16 संपत्तियां सीज की जा चुकी हैं। आरोप है कि जेल से बाहर आने के बाद भी वह दोबारा गांजा तस्करी में सक्रिय हो गया। मुकेश बनिया समेत कई अन्य तस्करों की संपत्तियां भी अटैच की गई हैं। इनमें कुछ आरोपियों के खिलाफ 10 से अधिक मामले दर्ज हैं।
बड़े नेटवर्क पर कार्रवाई की तैयारी
नशे की तस्करी के अंतरराज्यीय नेटवर्क की तस्वीर भी लगातार सामने आ रही है। डीआरआई ने सितंबर में दो ट्रकों से 375.95 किलो और अगस्त में 124 किलो गांजा जब्त किया था। पुलिस का मानना है कि कई आरोपियों के लिए नशे की तस्करी आय का प्रमुख जरिया बन चुकी है।इसी वजह से जेल से बाहर आने के बाद वे दोबारा इस कारोबार में लौट जाते हैं। अब पुलिस ऐसे दोहराए जाने वाले अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए नई रणनीति तैयार कर रही है, जिसमें तस्करों के नेटवर्क, आर्थिक स्रोत और संपत्तियों पर कार्रवाई को और प्रभावी बनाने पर जोर दिया जाएगा।