

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Robbery of a bullion trader in Kawardha
रायपुर। छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले में सराफा कारोबारी से करीब 50 लाख रुपए की लूट का मामला सामने आया है। साप्ताहिक बाजार से सोने-चांदी के गहने लेकर लौट रहे कारोबारी को दो बाइक पर सवार 6 बदमाशों ने ग्राम दुर्जनपुर में मंदिर के पास रोक लिया। इसके बाद आरोपियों ने कारोबारी के साथ मारपीट की और गहनों व नकदी से भरा बैग लूटकर फरार हो गए। घटना के बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के मुताबिक, सराफा कारोबारी वेदप्रकाश सोनी अपने साथी नरेंद्र पाटस्कर के साथ मंगलवार को दलदली के साप्ताहिक बाजार गए थे। दोनों शाम करीब 5:35 बजे बाजार से बाइक पर लौट रहे थे। शाम 6 बजे उन्होंने तरेगांव जंगल थाने को पार किया। इसके करीब एक घंटे बाद ग्राम दुर्जनपुर में मंदिर के पास दो बाइक पर सवार 6 बदमाशों ने उनका रास्ता रोक लिया।
आरोपियों ने कारोबारी के साथ मारपीट की और ज्वेलरी से भरा बैग छीनकर मौके से फरार हो गए। लूट के दौरान बैग का पट्टा कारोबारी के हाथ में ही रह गया, जबकि बदमाश बैग लेकर भाग निकले।
पीड़ित वेदप्रकाश सोनी के मुताबिक, लूटे गए बैग में करीब 15 किलो चांदी के गहने, 10 से 15 ग्राम सोने के गहने और 1.50 लाख रुपए नकद रखे हुए थे। कारोबारी ने लूटे गए सामान की कुल कीमत करीब 50 लाख रुपए बताई है।
घटना के बाद पीड़ित ने तरेगांव जंगल थाने में शिकायत दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए कबीरधाम पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
लूट की वारदात के बाद पुलिस ने आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए साइबर थाना सहित तीन अन्य थानों की विशेष टीम गठित की है। पुलिस की टीमें अलग-अलग पहलुओं पर जांच कर रही हैं और आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।
एसडीओपी अखिलेश कौशिक ने बताया कि सराफा कारोबारी से लूट के मामले में पुलिस की कार्रवाई जारी है। आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने के लिए विशेष टीम बनाई गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।