

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Rs 2 crore robbery in Bijapur turns out to be fake! A debt-ridden jeweller had hatched the plot.
बीजापुर। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में नेशनल हाईवे-63 पर करीब 2 करोड़ रुपए के सोने-चांदी के जेवर और कैश लूटने की सनसनीखेज वारदात की कहानी पूरी तरह फर्जी निकली। कर्ज के बोझ और लेनदारों के दबाव से परेशान एक सराफा कारोबारी ने खुद को बचाने के लिए लूट की झूठी कहानी गढ़ डाली। हैरानी की बात यह है कि इस साजिश में उसने अपने साथ जा रहे कपड़ा व्यापारी और वाहन चालक को भी शामिल कर लिया।
मामला नेलसनार थाना क्षेत्र में पांडेमुर्गा चौक के पास का है। पुलिस के मुताबिक, गीदम निवासी सराफा कारोबारी स्वरूप सोनी ने दावा किया था कि 9 नवंबर की शाम वह भैरमगढ़ स्थित अपनी दुकान से तूफान वाहन में गीदम लौट रहा था। उसके साथ कपड़ा व्यापारी ललित बुरड़ और ड्राइवर देवेंद्र ठाकुर भी मौजूद थे।
रास्ते में पांडेमुर्गा के जंगल के पास तीन हथियारबंद बदमाशों ने उनका रास्ता रोक लिया। आरोप था कि बदमाशों ने पिस्टल और चाकू दिखाकर करीब 2 करोड़ रुपए के सोने-चांदी के आभूषण, नकदी और तीन मोबाइल फोन लूट लिए। तीनों ने शाम करीब 6:45 बजे नेलसनार थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
SP ने बनाई 3 टीमें, 100 से ज्यादा CCTV कैमरे खंगाले
मामले में करोड़ों रुपए की लूट की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। पुलिस अधीक्षक उमेश प्रसाद गुप्ता ने तत्काल तीन विशेष टीमों का गठन किया। बीजापुर के अलावा आसपास के सीमावर्ती जिलों और दूसरे राज्यों की सीमाओं पर भी नाकाबंदी कराई गई।
पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के रास्तों की जांच के साथ 100 से ज्यादा CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले। करीब 16 घंटे तक लगातार जांच और तलाशी अभियान चलाया गया।
जंगल में मिले तीनों मोबाइल, यहीं से खुलने लगा राज
जांच के दौरान पुलिस को तीनों कथित लूटे गए मोबाइल फोन की लोकेशन मिली। तलाशी लेने पर हाईवे किनारे जंगल में तीनों मोबाइल एक ही जगह सुरक्षित और चालू हालत में मिल गए।
यहीं से पुलिस को पूरी घटना पर शक होने लगा। पुलिस ने तीनों से अलग-अलग पूछताछ की तो उनके बयानों में अंतर सामने आने लगा। तकनीकी साक्ष्यों और आर्थिक लेन-देन की पड़ताल ने भी पुलिस के शक को मजबूत कर दिया।
कर्ज चुकाने का दबाव बना लूट की झूठी कहानी की वजह
पुलिस के मुताबिक, जांच में पता चला कि सराफा कारोबारी स्वरूप सोनी काफी कर्ज में डूबा हुआ था। उस पर लगातार कर्ज चुकाने का दबाव बनाया जा रहा था, लेकिन वह फिलहाल रकम लौटाने की स्थिति में नहीं था।
इसके बाद पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि उसके साथ कोई लूट नहीं हुई थी। कर्ज के दबाव से बचने के लिए उसने लूट की फर्जी कहानी बनाई और कपड़ा व्यापारी ललित बुरड़ व वाहन चालक देवेंद्र ठाकुर को भी अपनी साजिश में शामिल कर लिया। तीनों ने मिलकर पुलिस के सामने हथियारबंद बदमाशों द्वारा लूट की झूठी शिकायत पेश की थी।
तीन पुलिस टीमों ने खोली साजिश
पुलिस अधीक्षक उमेश प्रसाद गुप्ता के मार्गदर्शन में गठित टीमों ने तकनीकी साक्ष्यों और लगातार पूछताछ के आधार पर पूरे मामले का खुलासा किया। कार्रवाई में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राहुल बंसल, भैरमगढ़ SDOP नवीन एक्का सहित कोतवाली, भैरमगढ़ और नेलसनार थाना पुलिस की टीमें शामिल रहीं।
SP उमेश प्रसाद गुप्ता ने लोगों से अपील की है कि पुलिस को गुमराह करने के लिए झूठी सूचना या शिकायत दर्ज न कराएं। ऐसी झूठी रिपोर्ट देना आपराधिक कृत्य है और ऐसा करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा सकती है।