

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Russia launches massive attack on Kyiv ahead of NATO summit; 8 dead, 34 injured.
नई दिल्ली। रूस ने NATO शिखर सम्मेलन से ठीक पहले यूक्रेन की राजधानी कीव पर बड़े पैमाने पर मिसाइल और ड्रोन हमला किया। सोमवार तड़के हुए इस हमले में बैलिस्टिक मिसाइल, क्रूज मिसाइल और सैकड़ों किलोमीटर तक मार करने वाले ड्रोन का इस्तेमाल किया गया। राजधानी में रातभर धमाकों की आवाजें गूंजती रहीं, कई रिहायशी इमारतों में आग लग गई और बचाव दल लगातार राहत कार्य में जुटे रहे।
स्थानीय प्रशासन के अनुसार, हमले में कीव में सात लोगों और राजधानी के उत्तर-पश्चिम स्थित बुचा जिले में एक व्यक्ति की मौत हुई है। वहीं कम से कम 34 लोग घायल बताए गए हैं। हमले के दौरान पूरे शहर में एयर रेड सायरन बजते रहे, जिसके बाद बड़ी संख्या में लोग अपनी जान बचाने के लिए मेट्रो स्टेशनों और बंकरों में शरण लेने को मजबूर हो गए।
कीव के मेयर विटाली क्लिट्स्को ने बताया कि रातभर हुई बमबारी से कई इमारतें क्षतिग्रस्त हुई हैं। बचाव दल लगातार मलबे में फंसे लोगों को बाहर निकालने और घायलों को अस्पताल पहुंचाने का काम कर रहे हैं। कई इलाकों में आग लगने के बाद दमकल विभाग को भी राहत अभियान में लगाया गया।
यूक्रेन की एयर फोर्स ने बताया कि रूस ने इस हमले में बैलिस्टिक मिसाइलों, क्रूज मिसाइलों और ड्रोन का एक साथ इस्तेमाल किया। सुबह-सुबह राजधानी के मध्य हिस्से में कई जोरदार विस्फोट सुनाई दिए। अधिकारियों के अनुसार, एयर डिफेंस सिस्टम ने कई मिसाइलों और ड्रोन को मार गिराया, लेकिन कुछ हमले शहर के अलग-अलग हिस्सों में भारी नुकसान पहुंचाने में सफल रहे।
सूत्रों के मुताबिक, यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की को खुफिया एजेंसियों से पहले ही रूस के बड़े हमले की जानकारी मिल गई थी। इसी आधार पर उन्होंने रविवार को देशवासियों को संभावित हमले को लेकर सतर्क रहने की चेतावनी दी थी। अगले ही दिन सोमवार तड़के रूस ने कीव पर व्यापक मिसाइल और ड्रोन हमला कर दिया।