

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Sanjay Dutt tenders unconditional apology to NCW over 'KD: The Devil' song controversy
नई दिल्ली। कन्नड़ फिल्म ‘केडी: द डेविल’ के विवादित गाने ‘सरके चुनर तेरी…’ को लेकर अभिनेता संजय दत्त सोमवार को राष्ट्रीय महिला आयोग (NCW) के सामने पेश हुए। उन्होंने आयोग के समक्ष बिना शर्त माफी मांगी और 50 आदिवासी बालिकाओं की पढ़ाई का खर्च उठाने का शपथपत्र भी सौंपा।
डबिंग को बताया विवाद की वजह
संजय दत्त के वकील हेमंत शाह के अनुसार, गाने की शूटिंग के समय यह कन्नड़ भाषा में था, लेकिन बाद में इसे हिंदी में डब किया गया, जिसकी जानकारी अभिनेता को नहीं थी। यह गाना नोरा फतेही और संजय दत्त पर फिल्माया गया था।
अश्लीलता के आरोप पर NCW सख्त
आयोग ने गाने में कथित अश्लीलता और आपत्तिजनक बोल को लेकर स्वतः संज्ञान लिया था और दोनों कलाकारों को नोटिस जारी किया था। आयोग की अध्यक्ष विजया के. रहाटकर ने सुनवाई के दौरान कड़ी आपत्ति जताते हुए कहा कि ऐसे गीत महिलाओं की गरिमा के खिलाफ हैं और रचनात्मकता के नाम पर इसे स्वीकार नहीं किया जा सकता।
नोरा फतेही नहीं हुईं पेश
इस मामले में 6 अप्रैल की सुनवाई के दौरान नोरा फतेही की ओर से उनके वकील उपस्थित हुए थे, जिसे आयोग ने स्वीकार नहीं किया था। उन्हें 27 अप्रैल को व्यक्तिगत रूप से पेश होने का निर्देश दिया गया था, लेकिन सोमवार को भी वह उपस्थित नहीं हुईं।
गीतकार और निर्माता ने भी मांगी माफी
मामले में गीतकार रकीब आलम, निर्देशक प्रेम और प्रोडक्शन कंपनी के प्रतिनिधि भी आयोग के सामने पेश हुए। सभी ने लिखित माफीनामा देते हुए माना कि गाने का समाज पर नकारात्मक प्रभाव पड़ा है और भविष्य में महिलाओं के सशक्तीकरण के लिए काम करने का आश्वासन दिया।
यूट्यूब से हटाया गया विवादित गाना
विवाद बढ़ने और लगातार आलोचना के बाद इस गाने को यूट्यूब से हटा दिया गया है। यह मामला मनोरंजन जगत में कंटेंट की जिम्मेदारी और सामाजिक संवेदनशीलता को लेकर एक बड़ी बहस बन गया है।