

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Scorching heat wreaks havoc: 400-500 bats die daily in Dalli Rajhara, people troubled by the stench
बालोद। बालोद जिले के सबसे बड़े नगर पालिका क्षेत्र दल्लीराजहरा में नौतपा की भीषण गर्मी का असर अब वन्य जीवों पर भी साफ दिखाई देने लगा है। बीएसपी एमव्हीटी सेंटर के पास लगे पेड़ों में रहने वाले चमगादड़ों की बड़ी संख्या में मौत हो रही है। प्रतिदिन लगभग 400 से 500 चमगादड़ों के मरने की बात सामने आ रही है।
40 से 45 डिग्री तापमान बना वजह
नगर में इन दिनों दोपहर के समय तापमान 40 से 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच रहा है। इंसान जहां गर्मी से बचने के लिए एसी और कूलर का सहारा ले रहे हैं, वहीं पेड़ों पर रहने वाले मूक जीवों के पास बचाव का कोई साधन नहीं है। अत्यधिक गर्मी के चलते चमगादड़ों की लगातार मौत हो रही है।
बदबू से लोगों का जीना हुआ मुश्किल
सैकड़ों चमगादड़ों के मरने के बाद उनके शव पेड़ों के नीचे और आसपास के क्षेत्रों में पड़े रहते हैं, जिससे इलाके में तेज बदबू फैल रही है। स्थानीय लोगों के साथ-साथ सड़क से गुजरने वाले राहगीरों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
पालिका का अमला भी बेबस
नगर पालिका द्वारा कर्मचारियों को भेजकर मृत चमगादड़ों को हटाने का प्रयास किया जा रहा है, लेकिन रोज बड़ी संख्या में हो रही मौतों के कारण सभी शवों को समय पर हटाना संभव नहीं हो पा रहा है। इससे समस्या लगातार बढ़ती जा रही है।
बीएसपी पर भी उठे सवाल
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस गंभीर समस्या के समाधान के लिए बीएसपी की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा है। क्षेत्रवासियों ने प्रशासन और बीएसपी से तत्काल प्रभावी व्यवस्था करने की मांग की है।