

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Serious allegations against a professor at JNU... investigation launched at the university after complaints from several girl students
नई दिल्ली। जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय में एक प्रोफेसर के खिलाफ कई छात्राओं द्वारा यौन उत्पीड़न के आरोप लगाए जाने के बाद मामला चर्चा में आ गया है। 10 से अधिक छात्राओं ने विश्वविद्यालय की इंटरनल कंप्लेंट्स कमेटी में शिकायत दर्ज कराई है। कुछ रिपोर्टों में शिकायत करने वाली छात्राओं की संख्या 11 बताई गई है। फिलहाल आईसीसी पूरे मामले की जांच कर रही है।
शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि संबंधित प्रोफेसर छात्राओं को कैंपस में स्थित अपने आवास पर आयोजित गैदरिंग में बुलाते थे। छात्राओं ने आरोप लगाया है कि इन मुलाकातों के दौरान प्रोफेसर की ओर से कथित तौर पर आपत्तिजनक व्यवहार किया जाता था और यौन संबंध बनाने के प्रस्ताव दिए जाते थे।इसके अलावा कक्षा के दौरान भी अनुचित टिप्पणियां किए जाने का आरोप शिकायत में लगाया गया है।
एक रिपोर्ट के अनुसार, मई के पहले सप्ताह में वाइवा के दौरान प्रोफेसर ने कथित तौर पर एक छात्रा से कहा कि प्रस्ताव स्वीकार करने पर उसे अधिक अंक दिए जा सकते हैं। इसके बाद छात्रा ने अपने अनुभव को छात्रों के वॉट्सऐप ग्रुप में साझा किया।बताया जा रहा है कि यह जानकारी सामने आने के बाद कई अन्य छात्राओं ने भी अपने साथ कथित तौर पर हुई घटनाओं को लेकर शिकायत दर्ज कराई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए विश्वविद्यालय की इंटरनल कंप्लेंट्स कमेटी ने जांच शुरू कर दी है। जांच जारी होने के कारण आईसीसी की ओर से फिलहाल कोई विस्तृत टिप्पणी नहीं की गई है।जेएनयू की कुलपति शांतिश्री धुलिपुड़ी पंडित ने कहा कि यौन उत्पीड़न से संबंधित मामलों की जांच आईसीसी के स्तर पर होती है और कुलपति इस समिति का हिस्सा नहीं होती हैं।
वहीं, संबंधित प्रोफेसर ने शिकायत की जानकारी से इनकार किया है। उन्होंने अपने ऊपर लगाए गए आरोपों को झूठा बताते हुए आरोपों को खारिज किया है।फिलहाल पूरे मामले में आईसीसी की जांच महत्वपूर्ण मानी जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही आरोपों की वास्तविक स्थिति और आगे की कार्रवाई को लेकर तस्वीर स्पष्ट होगी।