

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Severe heat wave wreaks havoc in Chhattisgarh, Bilaspur is the hottest district; heat wave alert issued for the next five days
रायपुर। छत्तीसगढ़ में तेज गर्मी और लू ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। प्रदेश के कई जिलों में बुधवार को तापमान 43 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया। मौसम विज्ञान विभाग (IMD) रायपुर केंद्र के अनुसार, आने वाले 5 दिनों तक प्रदेश में गर्म और शुष्क मौसम बने रहने की संभावना है। साथ ही मध्य छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में हीट वेव चलने का अलर्ट जारी किया गया है।
बिलासपुर में सबसे ज्यादा 45°C तापमान दर्ज
मौसम विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक, 20 मई को प्रदेश का सबसे अधिक तापमान बिलासपुर में 45 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इसके अलावा मुंगेली में 43.9°C, सक्ती में 43.8°C, बालोद और कबीरधाम में 43.5°C तापमान दर्ज किया गया।
राजधानी रायपुर में भी गर्मी का असर तेज रहा, जहां अधिकतम तापमान 43.5°C रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 1.4 डिग्री अधिक है।
अंबिकापुर रहा सबसे ठंडा
प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान अंबिकापुर में 24 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार, पिछले 24 घंटों में तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं हुआ है, लेकिन तेज धूप और गर्म हवाओं ने आम जनजीवन को प्रभावित किया है।
अगले 5 दिनों तक राहत के संकेत नहीं
मौसम विभाग ने साफ किया है कि फिलहाल प्रदेश में मौसम शुष्क बना रहेगा और अगले कुछ दिनों तक तापमान में विशेष गिरावट की संभावना नहीं है। विभाग ने मध्य छत्तीसगढ़ के एक-दो इलाकों में लू चलने की आशंका जताई है।
रायपुर के लिए मौसम पूर्वानुमान
स्थानीय मौसम विभाग के अनुसार, 21 मई को रायपुर का आसमान मुख्यतः साफ रहेगा। शहर में अधिकतम तापमान 44°C और न्यूनतम तापमान 30°C के आसपास रहने की संभावना है।
लोगों को सतर्क रहने की सलाह
भीषण गर्मी और लू को देखते हुए मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर के समय घर से बाहर निकलने से बचने की सलाह दी है। साथ ही पर्याप्त मात्रा में पानी पीने, हल्के कपड़े पहनने और धूप में निकलते समय सावधानी बरतने को कहा गया है। बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को विशेष सतर्कता बरतने की हिदायत दी गई है।
प्रदेश में बारिश की गतिविधि बेहद कम
मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश के एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश दर्ज की गई है, लेकिन अधिकांश इलाकों में मौसम पूरी तरह शुष्क बना हुआ है। लगातार बढ़ती गर्मी के कारण लोगों को फिलहाल राहत मिलने की उम्मीद कम नजर आ रही है।