

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Sex doctor Abdullah Pathan who has 1M followers on YouTube accused of gang rape
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में मुरादाबाद जिले के यूट्यूबर और झोलाछाप डॉक्टर अब्दुल्ला पठान एक बार फिर मुसीबत में पड़ गया है। उस पर अब एक महिला ने गैंगरेप का आरोप लगाया है। पीड़िता मूल रूप से गोरखपुर जिले की रहने वाली है। उसने अब्दुल्ला पठान पर नौकरी का झाँसा देकर बुलाने और नशीली दवा खिलाकर बलात्कार करने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने कहा कि, अब्दुल्ला ने इस कुकृत्य का वीडियो बनाकर उसे ब्लैकमेल कर उसका गर्भपात भी करवाया है। अब्दुल्ला के साथ उसका भाई अब्दुल मलिक भी इस केस में नामजद है। पुलिस ने सोमवार (10 जून 2024) को अब्दुल्ला पठान पर FIR दर्ज करके जाँच शुरू कर दी है।
बता दें कि, पूरा मामला मुरादाबाद के कुंदरकी थानाक्षेत्र का है। यहाँ एक महिला ने अब्दुल्ला पठान और उसके भाई सहित एक अन्य अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। अपनी शिकायत में पीड़िता ने बताया कि साल 2021 में सोशल मीडिया के माध्यम से उसकी जान-पहचान अब्दुल्ला पठान से हुई थी। कुछ समय बाद अब्दुल्ला ने गोरखपुर निवासिनी महिला को मुरादाबाद में अपने दवाखाने पर 15 से 20 हजार रुपए की नौकरी देने का लालच दिया। उसने पीड़िता को विश्वास दिलाया कि उसकी क्लिनिक में पहले से कई महिलाएँ काम करती हैं।
अब्दुल्ला ने अपने द्वारा दिए गए जॉब ऑफर में रहना-खाना फ्री बताया था। पीड़िता अब्दुल्ला की बातों में आकर जुलाई 2021 में गोरखपुर से मुरादाबाद पहुंच गई। यहां आरोपी ने पीड़िता को किराए के एक कमरे में रखा था। लेकिन क्लिनिक में 4 महीने तक काम करवाने के बाद अब्दुल्ला ने महिला को फिर से जल्द बुलाने की बात कहते हुए वापस उसके घर भेज दिया। इसके बाद जनवरी 2023 में अब्दुल्ला पठान खुद गोरखपुर गया और लड़की को अपने साथ लेकर मुरादाबाद आ गया। इस बार उसने लड़की को कुंदरकी इलाके के अपने ही एक मकान में रखा।
आरोप है कि इस घर में अब्दुल्ला पठान ने पीड़िता को जनवरी 2023 में ही नशीली दवा खिला कर रेप किया। इसी दौरान उसने लड़की के अश्लील वीडियो बना डाले। इसे लड़की के गांव तक वायरल करने की धमकी देते हुए अब्दुल्ला आए दिन पीड़िता का बलात्कार करने लगा। रेप से पीड़िता गर्भवती हुई तो दिसंबर 2023 में उसने लड़की का एबॉर्शन करवा दिया। गुरुवार (6 जून) को अब्दुल्ला का भाई अब्दुल मलिक अपने साथ एक अनजान व्यक्ति को लेकर पीड़िता के कमरे में आया। उसने लड़की पर साथ आए व्यक्ति के साथ शारीरिक संबंध बनाने का दबाव बनाया।
महिला ने शिकायत में बताया कि जब उसने इंकार किया तो अब्दुल मालिक और उसके साथ आए व्यक्ति ने बारी-बारी से रेप किया। इस दौरान अब्दुल मलिक ने महिला के सिर पर तमंचा लगा दिया था और शोर मचाने पर जान से मार डालने की धमकी दी थी। बाद में पीड़िता ने अब्दुल्ला पठान से उसके भाई की करतूत बताई तो उस पर कोई असर नहीं पड़ा। उसने पीड़िता को अपनी ऊंची पहुंच बताते हुए सब कुछ भूल जाने की नसीहत दे डाली। इसी के साथ कहीं मुंह खोलने पर अश्लील वीडियो वायरल करने की भी धमकी दी।
जिसके बाद आखिरकार पीड़िता के सब्र का बांध टूट गया। उसने किसी भी हाल में आरोपितों को सबक सिखाने की ठान ली। महिला की शिकायत पर पुलिस ने अब्दुल्ला पठान, उसके भाई अब्दुल मलिक सहित एक अन्य अज्ञात के खिलाफ FIR दर्ज कर ली है। यह FIR IPC की धारा 376- डी, 313 और 506 के तहत दर्ज हुई है। शिकायत में पीड़िता ने अब्दुल्ला पठान के एक भाई को पुलिस में बताते हुए उसके द्वारा थाना कुंदरकी पर दबाव डाले जाने का आरोप लगाया है। मुरादाबाद पुलिस ने बताया कि मामले में कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
बताते चलें कि अब्दुल्ला पठान ग्रेट खली से मिलने और सनी लियोन के साथ डेट पर भी जाने का दावा करता है। वह WWE में लड़ने की भी इच्छा जता चुका है। यूट्यूब पर अब्दुल्ला फिटनेस संबंधी ब्लॉग भी बनाता है। यूट्यूब और फेसबुक पर उसके अच्छे-खासे फॉलोवर हैं। अब्दुल्ला पर मर्दाना ताकत की दवा बेचने के नाम पर कई लोगों से ठगी के भी आरोप है। 16 अक्टूबर 2023 को मुरादाबाद जिले में राज्य स्वास्थ्य विभाग की टीम ने अब्दुल्ला पठान के कथित अस्पताल पर छापेमारी की थी। इस छापेमारी के बाद खुद को ‘सेक्स डॉक्टर’ बताने वाले अब्दुल्ला का अस्पताल सील कर दिया गया था।